पॉलिटिकल

…तो आत्मदाह कर लूंगा…. कांग्रेस के पूर्व नेता ने कलेक्टर पर लगाया आरोप… कहा- इसकी जांच करायें

जगदलपुर 20 दिसंबर 2022 । युवा आयोग के पूर्व सदस्य अजय सिंह ने बीजापुर के कलेक्टर राजेंद्र कटारा पर गंभीर आरोप लगाया है। भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए अजय सिंह ने कहा है कि सप्ताह भर के भीतर उनका तबादला करने की मांग की है और तबादला नहीं होने पर अपने परिवार के साथ आत्मदाह कर लेंगे। कांग्रेस के निष्कासित नेता अजय सिंह ने बीजापुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा के साथ-साथ विधायक विक्रम शाह मंडावी पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया है। अजय सिंह ने कलेक्टर और विधायक पर 14वें, 15वें और 16 वें वित्त आयोग की राशि में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा है कि बीजापुर के तत्कालीन कलेक्टर केडी कुंजाम ने उनकी शिकायत पर सभी पंचायतों पर वित्तीय राशियों के आहरण पर प्रतिबंध लगाया था। परंतु, वर्तमान कलेक्टर ने तत्कालीन कलेक्टर के आदेश को निरस्त किए बिना ही 14वें, 15वें और 16वें वित्त की राशि से खरीदी और निर्माण कार्य के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार किया है।

अजय सिंह ने आरोप लगाया है कि नोटिस के दिए 5 दिन बीत गए हैं और वे पिछले 4 दिनों से कलेक्ट्रेट के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन बीजापुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा जान बूझकर उनसे मिलना नहीं चाह रहे हैं, साथ ही चेम्बर के बाहर घंटों इंतजार कराने के बाद भी उन्होंने मिलने से मना कर दिया. अजय सिंह कहना है कि विधायक विक्रम मंडावी के दबाव में आकर बीजापुर कलेक्टर उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं, और गलत ढंग से उनके कार्यों को निरस्त किया जा रहा है। इसके अलावा अजय सिंह ने DMFT फंड की राशि में भी भारी भ्रष्टाचार करने का आरोप बीजापुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा और विधायक विक्रम मंडावी पर लगाया है, उन्होंने कहा है कि लगभग 50 से 60 करोड़ रुपये का कलेक्टर और विधायक ने मिलकर भ्रष्टाचार किया है, इसकी जांच होनी चाहिए.

Back to top button