हेडलाइन

CG NEWS VIDEO-“हम महाराष्ट्र में नहीं रहना चाहते सर, हमको छत्तीसगढ़ में रहना है”…CM भूपेश की संवेदनशीलता के पड़ोसी राज्य के लोग भी हुए कायल…अपनों ने नहीं ली सुध, तो सीएम ने छत्तीसगढ़ से भेजी मदद…

रायपुर, 4 अगस्त 2022। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की संवेदनशीलता की कोई सानी नहीं है। तभी तो अब पड़ोसी राज्यों के लोग भी छत्तीसगढ में आकर बसना चाहते हैं। दरअसल इन दिनों गढ़चिरौली बाढ़ की विभिषिका झेल रहा है, लेकिन ना तो गढ़चिरौली प्रशासन और ना ही महाराष्ट्र की सरकार बाढ़ पीड़ितों की कोई सुध ले रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जब इस बात की जानकारी हुई, तो उन्होंने छत्तीसगढ़ की महाराष्ट्र की सीमा से सटे बीजापुर के विधायक विक्रम शाह मंडावी को सहायता के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बीजापुर के जनप्रतिनिधियों ने राज्य की सीमा पार करके गढ़चिरौली जिले के बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए पहुंचे और बाढ़ प्रभावितों के लिए राशन,  बर्तनों,  कपड़ों, मच्छरदानी सहित बड़ी मात्रा में दैनिक उपयोग की सामग्री उपलब्ध करायी।

क्षेत्रीय विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विक्रम शाह मंडावी बीजापुर जिले की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गांव सोमनपल्ली और उसके आसपास गांव पहुंचे, वहां बाढ़ के कारण बहुत बुरे हालात थे। कठिन परिस्थितियों में फंसे बहुत से लोग मुश्किल से दिन काट रहे हैं। इस सूचना के बाद विधायक श्री मंडावी ने बाढ़ प्रभावितों तक राहत सामग्री पहुंचाने का निर्णय लिया और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ वे आवश्यक राहत सामग्री लेकर महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावितों तक पहुंचे।

उन्होंने उनसे उनकी समस्याओं की जानकारी ली और अपने स्तर पर हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। इसी बीच ग्रामीण बोल पड़े….”हम महाराष्ट्र में नहीं रहना चाहते, हमको छत्तीसगढ़ में रहना है” उन्होंने कहा कि उनकी समस्याओं की जानकारी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तक भी वे पहुंचाएंगे, ताकि और ज्यादा मदद की जा सके। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, जिला पंचायत एवं छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण बोर्ड के सदस्य श्री बसंत राव ताटी सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

Back to top button