बिग ब्रेकिंग

मौसम अलर्ट : ठंड का कहर शुरू, चारों तरफ छाया कोहरा..कंपकंपी… बारिश का भी चांस

नई दिल्ली 22 दिसंबर 2023|राजधानी में आज रात बूंदाबांदी के आसार हैं। इस बूंदाबांदी की वजह से न्यूनतम तापमान में इजाफा होगा। यही वजह है कि अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय ठंड ज्यादा नहीं सताएगी। तापमान में उतार-चढ़ाव का यह दौर दिसंबर के आखिर तक जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 42 से 100 प्रतिशत तक रहा। अब शुक्रवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा। रात में बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास रहेगा। वहीं 23 से 27 दिसंबर के बीच अधिकतम तापमान 24 से 25 और न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं।

आज से सक्रिय हो रहा वेस्टर्न डिस्टरबेंस
इसके साथ ही आईएमडी ने शुक्रवार को राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की चेतावनी जारी की है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली-NCR में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। बारिश के साथ ही दिल्ली में न्यूनतम तापमान घटकर पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। IMD ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस शुक्रवार को सक्रिय हो रहा और एक दिन तक इसका असर रहेगा। इसकी वजह से राजधानी के कुछ हिस्सों में बारिश भी हो सकती है।

वहीं दिल्ली के अलावा उत्तर भारत के पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ इलाकों में भी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 23 दिसंबर को उत्तर-पश्चिमी यूपी, उत्तर-पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा तमिलनाडु, कराईकल, केरल के अलग-अलग स्थानों पर भी हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की भविष्यवाणी की गई है।

पहाड़ों पर गिरेगी बर्फ
वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाकों में बर्फ़बारी की वजह से तापमान माइनस डिग्री से भी नीचे जा सकता है। वहीं पहाड़ों पर बर्फ़बारी से मैदानी इलाकों में ठंड भी बढ़ेगी।

Back to top button