हेडलाइन

दिलफेक शिक्षक की गजब आशिकी : पत्नी भागी तो पहली बीबी को दिया तलाक… दूसरी की शादी और तीसरी के साथ रहने लगा लिव इन रिलेशन में

गरियाबंद 12 दिसंबर 2022। दिलफेक शिक्षक की करतूत सुनकर महिला आयोग भी हैरान रह गया। शिक्षक ने अपनी पहली पत्नी से तलाक लेकर दूसरी से शादी की और फिर उससे भी मन भरा तो तीसरी के साथ लिव इन में रहने लगे। अजब प्रेम की गजब कहानी वाले मास्टर साहब गरियाबंद के हैं। मामले में दूसरी पत्नी की शिकायत पर महिला आयोग में सुनवाई हुई। प्रकरण सुनने के बाद महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक ने लिव इन रिलेशन में रहने वाली महिला को नारी निकेतन भेजने का आदेश दिया।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने बताया, एक शिकायत आई थी, जिसमें आवेदन करने वाली महिला का पति गरियाबंद के एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक है। उसकी पहली पत्नी से दो बच्चे हैं, जो उसके साथ ही रहते हैं। उसकी पहली पत्नी किसी के साथ भाग गई थी। इस आधार पर उसने तलाक ले लिया था। 2017 में उसने आवेदन करने वाली महिला से चूड़ी प्रथा के जरिये दूसरा विवाह किया। इस संबंध से भी उसके एक बेटा है जो अब चार साल का हो गया। इस बीच एक तीसरी महिला से भी उसका सबंध हो गया। फरवरी 2022 में वह उसके साथ लीव इन में रहने लगा।

महिला आयोग ने मामले में सुनवाई की और लिव इन में रहने वाली तीसरी महिला को तलब किया। तीसरी महिला का कहना था, कि शिक्षक की पत्नी उनके संबंधों पर शक करती थी। उसको जगह-जगह बदनाम कर दिया था। जिसकी वजह से वह समाज में मुंह दिखाने के लायक नहीं थी। ऐसे में उन दोनों ने विवाह का अलग घर बसा लिया। सुनवाई के दौरान शिक्षक पति ने भी अनैतिक संबंध की बात स्वीकार कर लिया।

महिला आयोग ने पत्नी को तलाक दिये बिना अनैतिक संबंध को बढ़ावा देना सिविल सेवा नियमों के खिलाफ माना । पत्नी चाहे तो शिक्षा विभाग को आवेदन देकर इसपर कार्यवाही करवा सकती है। फिलहाल लीव में रह रही महिला को नारी निकेतन में भेज दिया गया है। वहीं एक अन्य प्रकरण में महिला ने एक व्यक्ति पर जल संसाधन विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देकर रुपए लेने का आरोप लगाया। पिछले सुनवाई में आरोपित व्यक्ति ने शिकायतकर्ता को एक लाख 50 हजार रुपया वापस भी किया था। गवाहों ने बताया, उसने भी अपने बेटे की नौकरी के लिए आरोपित को पैसे दिये थे। इसमें एक और व्यक्ति शामिल था। नौकरी के नाम पर पैसा उगाही का मामला होने से इस प्रकरण को थाना गोलबाजार के द्वारा जांच कर उचित कार्यवाही हेतु सम्पूर्ण दस्तावेज दिया गया।

Back to top button