बिग ब्रेकिंग

16 लड़कियां हुईं बेहोश: मच्छर मारने वाली दवा से 16 महिलाएं बेहोश,…अस्पताल में कराया गया भर्ती…

नोएडा 12 सितंबर 2022 : ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक तीन क्षेत्र में एक एलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में मच्छर मारने की दवा का छिड़काव किया गया। जिसके बाद कंपनी में काम करने वाली 16 महिलाएं बेहोश हो गई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चार महिलाओं की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।

दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा (ग्रेनो) में मच्छर मारने वाली दवा के छिड़काव के बाद 16 महिलाएं बेहोश हो गईं। आनन-फानन उन्हें कंपनी से अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है। ये सभी महिलाएं ईकोटेक थाना क्षेत्र के तहत आने वाली एलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में काम करती हैं, जहां यह घटना सोमवार को हुई।

वहीं, जिस हॉस्पिटल में पीड़ित महिलाएं एडमिट की गईं, वहां बाहर परिजन का जमावड़ा देखने को मिला। इस बीच, पीड़ित महिलाओं के परिजन का आरोप है कि कंपनी ने उनके बेहोश होने के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं दी। पीड़ित परिवारों की ओर से कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।

एस्क्लेपियस अस्पताल के बाहर बेहोश हो गई महिलाओं के परिजनों की भीड़ लगी है। मच्छर मारने की दवा के छिड़काव के बाद अचानक एक के बाद एक 16 महिलाएं बेहोश हो गईं। डीसीपी नोएडा सेंट्रल राजेश ने बताया, “ईकोटेक थाना क्षेत्र में एलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी प्लॉट नंबर 27 और 28 में बना है। कर्मचारियों से जानकारी मिली है कि यहां मच्छरों को मारने वाली दवा का छिड़काव किया गया था।”

उन्होंने आगे बताया, “दवा के प्रभाव में आकर कंपनी में काम करने वाली 16 महिलाएं बेहोश हो गईं। उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी सभी महिलाओं का इलाज किया जा रहा है। किसी भी महिला की हालत गंभीर नहीं है।” डीएसपी नोएडा सेंट्रल ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति भी ठीक है। इसलिए कंपनी पर पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। पुलिस की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। इसके साथ ही मच्छर मारने की दवा को भी जब्त कर लिया गया है।

Back to top button