हेडलाइन

7th pay commission: इस दिवाली किन-किन राज्यों में बढ़ा महंगाई भत्ता… कहीं हुआ केंद्र के बराबर महंगाई भत्ता, तो कहीं कर्मचारियों को मिला बोनस…

नयी दिल्ली 24 अक्टूबर 2022। आज दिपावली का त्योहार है। दिवाली के त्योहार के बीच इस बार कई राज्यों में महंगाई भत्ता में बढ़ोत्तरी हुई है। इस दौरान अधिकांश राज्यों ने केंद्र सरकार के बराबर 38 प्रतिशत डीए कर दिया है, जबकि कुछ राज्य अभी भी महंगाई भत्ता को लेकर पीछे हैं। जबकि कुछ ने इस बार दिवाली में भी महंगाई भत्ता में बढ़ोत्तरी का फैसला नहीं लिया है। आपको बता दें कि 1 जनवरी, 2020 से 30 जून, 2021 के बीच केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को 18 महीने तक DA नहीं दिया था। सरकारी कर्मचारियों की लंबे समय से डीए बढ़ोतरी की मांग चल रही थी।

दिल्ली DA Hike

दिल्ली सरकार ने 7 अक्टूबर को अपने कर्मचारियों का डीए 4 फीसदी बढ़ाने का आदेश जारी किया। दिल्ली सरकार के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाने का फैसला केंद्र सरकार के फैसले के अनुरूप लिया गया है।

झारखंड DA Hike

झारखंड कैबिनेट ने 10 अक्टूबर को राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत (डीआर) में इस साल 1 जुलाई से 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इससे करीब दो लाख सरकारी कर्मचारियों और 1.35 लाख पेंशनभोगियों को फायदा होगा। मंत्रिपरिषद ने राज्य सरकार के कर्मचारियों को देय महंगाई भत्ते को 1 जुलाई 2022 से मौजूदा 34 प्रतिशत की दर से बढ़ाकर 38 प्रतिशत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।

छत्तीसगढ़ DA Hike

14 अक्टूबर को सीएम भूपेश बघेल ने डीए को 5 फीसदी बढ़ाकर 33 फीसदी कर दिया। इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार के लगभग 3.80 लाख कर्मचारियों को फायदा होगा। बढ़ोतरी 1 अक्टूबर 2022 से प्रभावी होगी।

उत्तर प्रदेश DA Hike

यूपी सरकार ने 18 अक्टूबर को अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के डीए और महंगाई राहत को 1 जुलाई से 34% से बढ़ाकर 38% करने का आदेश जारी किया।यहीं इस राज्य में 7 हजार रूपये कर्मचारियों को बोनस के तौर पर भी बांटे गये हैं।

हरियाणा DA Hike

दिवाली से पहले हरियाणा सरकार ने अपने कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग के अनुसार डीए 4 प्रतिशत बढ़ाकर 38 प्रतिशत कर दिया। हरियाणा सरकार के वित्त विभाग ने 18 अक्टूबर को एक विज्ञप्ति में कहा कि बढ़ा हुआ डीए अक्टूबर 2022 के वेतन के साथ कर्मचारियों को दिया जाएगा। जुलाई-सितंबर की अवधि के बकाया का भुगतान नवंबर में किया जाएगा।

राजस्थान DA Hike

राजस्थान सरकार ने भी राज्य कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते में चार फीसदी की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर राज्य कर्मचारियों के लिए भी महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत की वृद्धि की गई है। अब राज्य के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को 38 प्रतिशत महंगाई भत्ता देय होगा।

पंजाब DA Hike

21 अक्टूबर को पंजाब सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने का फैसला किया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे राज्य के कर्मचारियों के लिए दिवाली उपहार करार दिया। एक अन्य निर्णय में राज्य मंत्रिमंडल ने इस साल 1 अक्टूबर से कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को 6 प्रतिशत डीए देने का फैसला किया।

असम DA Hike

23 अक्टूबर को असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने 1 जुलाई, 2022 से राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए 4 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ते की घोषणा की। सीएम के बयान के अनुसार यह राशि अक्टूबर महीने के वेतन के साथ देय होगी।

Back to top button