पॉलिटिकलहेडलाइन

“गृहमंत्री 75 पार हुए, इस बार कांग्रेस भी 75 पार करेगी”, CM ने कुछ इस अंदाज में दी ताम्रध्वज साहू को बधाई, ED पर भी साधा निशाना

रायपुर 6 अगस्त 2023। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को जन्मदिन की बधाई मुख्यमंत्री ने अनूठे अंदाज में दी। मुख्यमंत्री ने दुर्ग में ताम्रध्वज साहू को बधाई देते हुए कहा कि 75वां साल गृहमंत्री पार कर चुके हैं, इस बार चुनाव में कांग्रेस 75 पार सीट भी करेगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान दुर्ग में मीडिया से बातचीत करते हुए ईडी पर भी जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईडी ने अब तक जितने भी आरोप लगाये हैं, उसकी कोई प्रमाणिकता नहीं हो पायी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोयला घोटाला 500 करोड़ का बताया गया है। संपत्ति की जांच, अचल-चल संपत्ति मिलाकर 100 करोड़ भी नहीं पहुंच पाया। शराब शराब में हजारों करोड़ का घोटाला कहा गया, लेकिन सबकी संपत्ति की जांच के बाद भी 200 करोड़ से ज्यादा सामने नहीं आ सका। मुख्यमंत्री ने कहा कि 3 साल से छत्तीसगढ़ में ईडी की जांच चल रही है, अभी तक एक भी आरोप प्रमाणित नहीं हुआ है।

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार से लड़ नहीं सकते हैं, तो बस बदनाम करने की कोशिश चल रही है। भाजपा की सरकार में चिटफंट कंपनियों का रोजगार मेला लगा करता था। हमारी सरकार ने चिटफंड कंपनियों के डायरेक्टर व कर्मचारियों को जेल भेजा और पैसा हमलोग निवेशकों को लौटाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईडी के पास गिरफ्तार करने का पावर है। चाहे जो कर ले किसी को भी गिरफ्तार कर ले जाये।

छत्तीसगढ़ में कई प्रकार के घोटाले के आरोप लगे, लेकिन आज तक उनके पास कुछ नहीं है। रमन सरकार में तमाम चिटफंड के घोटाले हुए लेकिन कोई पूछ परख करने वाला नहीं है। रमन कार्यकाल में नान घोटाला, खदान घोटाला हुआ, क्यों नहीं जांच करायी गयी, क्यों ईडी पता नहीं लगा सकी कि सीएम मैडम कौन है। ईडी सिर्फ कांग्रेस को बदनाम करने के लिए छापेमारी कर रही है।

Back to top button