क्राइम

CG NEWS- रिश्तो का कत्ल- फसल बर्बाद होने पर भतीजे ने की चाचा की हत्या, पहले कुल्हाड़ी से मारा फिर चाकू से रेत दिया गला…..

बस्तर 22 अगस्त 2022 । फसल बर्बाद होने के शक में बस्तर में रिश्तो का दामन खून से लाल हो गया। बताया जा रहा हैं कि यहां एक युवक ने अपने चाचा की सिर्फ इस बात के लिए हत्या कर दी, क्योंकि उसे फसल बर्बाद होने का शक चाचा पर था। हत्या के बाद फरार हुए आरोपी भतीजे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं।

पूरा घटनाक्रम बस्तर के पखनार पुलिस चौकी क्षेत्र का है। बताया जा रहा हैं कि तोयनार के रहने वाले मंगलू मरकाम और उसके भतीजे लखमू पोयामी का खेत गांव में ही अगल-बगल में है। लखमू कई दफा अपने चाचा पर उसके खेत की फसल बर्बाद करने का आरोप लगाकर झगड़ा कर चुका था। पुलिस की माने तो शुक्रवार को भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर जमकर झगड़ा हो गया।

विवाद बढ़ने के बाद भतीजे ने चाचा को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया। घटना की ही रात आरोपी मंगलू के घर में घुस गया। घर के बाहर सो रहे मंगलू पर लखमू ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस बीच आवाज सुनकर मंगलू की पत्नी बाहर आई और बीच बचाव करने की कोशिश करने लगी। लेकिन लखमू ने मारना नहीं छोड़ा और अपनी चाची पर भी हमला करने की कोशिश की।

इसके बाद भी लखमू को जब चाचा की मौत पर यकीन नही हुआ तो उसने चाकू से उसका गला रेत दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी भतीजा मौके से फरार हो गया था। उधर इस घटना की जानकारी मृतक की पत्नी ने पड़ोसियों को दी। जिसके बाद पुलिस को इस वारदात की सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते हुए पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गए थे। मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गांव के ही पास स्थित एक मकान से पकड़कर पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी भतीजे के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया हैं।

Back to top button