हेडलाइन

बजट होगा बड़ा: मंत्री रविंद्र चौबे बोले- इस बार बजट का साइज होगा बड़ा… जानिये क्या हो सकता है बजट में प्रावधान..

रायपुर 1 मार्च 2023। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में बजट सत्र को लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद संसदीय कार्यमंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि सरकार जवाब देने के लिए पूरी तरीके से तैयार है। राज्यपाल के अभिभाषण में चर्चा के लिए सभी विधायकों को उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि इस बार बजट का साइज बड़ा रहेगा। ऐसे में माना जा रहा है कि भूपेश सरकार इस साल चुनावी बजट पेश करेगी। 2023-24 के लिए राज्य सरकार लगभग 1.15 से 1.17 लाख करोड़ तक का बजट पेश कर सकती है।

इसमें गांव, गरीब और किसानों से जुड़ी योजनाओं पर तो फोकस रहेगा ही, साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर भी फोकस रहेगा। राज्य में भूपेश सरकार की महत्वाकांक्षी न्याय योजनाओं पर फिर से एक बार बड़ी राशि का प्रावधान बजट में होगा। पिछले साल राज्य सरकार ने इनपुट सब्सिडी के साथ किसानों का धान 2500 रुपए प्रति क्विंटल में खरीदा था। 2023-24 का बजट सवा लाख करोड़ रुपए का हो सकता है। बता दें कि 2022-23 में ही राज्य के बजट का आकार एक लाख 12 हजार 603 करोड़ 40 लाख रुपए था।

इस साल धान खरीदी 2800 रुपए के मान से करने की तैयारी है। ऐसे में राजीव गांधी किसान न्याय योजना के बजट में लगभग 100 करोड़ की वृद्धि संभावित है। इसके अलावा गौठानों को ग्रामीण औद्योगिक पार्क के रूप में विकसित करने के लिए भी इस साल बड़ी राशि दिया जा सकता है। पिछले साल इंफ्रास्ट्रक्चर एवं बुनियादी सुविधाओं को विकसित करने के लिए 600 करोड़ रुपए दिए गए थे।राज्य के बजट में अनियमित कर्मचारियों के नियमितिकरण को लेकर फैसले किए जा सकते हैं। सरकार युवा, महिलाओं के साथ ही कृषि और शिक्षा के क्षेत्र में नई घोषणाएं कर सकती है। बता दें कि राज्य सरकार इस साल प्रदेश के सभी जिलों में कुल मिलाकर 398 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी व हिन्दी मीडियम स्कूल खोलने जा रही है।

Back to top button