नयी दिल्ली 1 अक्टूबर 2023। अजय माकन को कांग्रेस पार्टी का नया कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसकी घोषणा पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने की। उन्होंने कहा कि यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू होगा। अजय माकन से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष थे। राज्यसभा सांसद रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन के बाद उन्हें इस पद पर नियुक्त किया गया था।
आपको बता दें कि अजय माकन को छत्तीसगढ़ चुनाव में भी अहम जिम्मेदारी मिली है। उन्हें स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। जिस वक्त अजय माकन को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाने का ऐलान किया गया, उस वक्त वो कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की रायपुर में बैठक ही ले रहे थे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तत्काल प्रभाव से अजय माकन को एआईसीसी का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह पद पहले पार्टी नेता पवन बंसल के पास था। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। बैठक में अजय माकन और प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने भी हिस्सा लिया।