हेडलाइन

CG ब्रेकिंग: शराब पीने के बाद 2 सगे भाई सहित 3 की मौत…..मचा हड़कंप,जहरीली शराब से मौत का आरोप

रायपुर 4 सितंबर 2023। जांजगीर जिला में एक बार फिर शराब पीने के बाद 3 लोगों की मौत की खबर से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि मरने वालों में 2 सगे भाई है, जिन्होने शराब का सेवन किया था। हालत बिगड़ने के बाद जहां दोनों भाईयों ने घर में ही दम तोड़ दिया, वही उनके एक रिश्तेदार की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान हो गयी। शराब पीने के बाद एक साथ 3 लोगों की मौत की खबर के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वहीं घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गयी है, लेकिन पुलिस अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे है।

शराब सेवन के बाद मौत की ये घटना अकलतरा थाना क्षेत्र का है। जानकारी मुताबिक अकलतरा थाना के ग्राम बांधा बरसाही में ये घटना आज सुबह सामने आयी है। बताया जा रहा है कि गांव में रहने वाले दो भाई और उसके एक रिश्तेदार ने गांव के पास से शराब खरीदकर सेवन किया था। शराब सेवन के बाद दोनों भाई और उनका रिश्तेदार घर पहुंचे थे, इसी दौरान उनकी तबियत बिगड़ने लगी। लोग कुछ समझ पाते इतने में दोनों भाईयों की घर पर ही मौत हो गयी। वहीं गंभीर रूप से पीड़ित तीसरे शख्स को आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने भी दम तोड़ दिया।

घटना के बाद से क्षेत्र में एक बार फिर जहरीली शराब से तीनों ग्रामीणों की मौत का आरोप लगाया जा रहा है। ग्रामीणों की सूचना पर अकलतरा थाना से पुलिस मौके पर पहुंच गयी है। पुलिस मृतको के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की बात कह रही है। तीनों ग्रामीणों की मौत को लेकर पुलिस अभी हाल-फिलहाल कुछ भी कहने से बच रही है। थाना प्रभारी से जब इस संबंध में जानकारी जाननी चाही गयी तो उन्होने मामले की तस्दीक करने की बात कहते हुए कुछ भी जानकारी देने से इंकार कर दिया।

गौरतलब है कि तीन दिन पहले भी जांजगीर जिला के नवागढ़ थाना क्षेत्र में जहरीली शराब सेवन से एक महिला और पुरूष की मौत से हड़कंप मच गया था। लेकिन पुलिस ने इस घटना की जांच में रंजीशवश जीजा की हत्या के लिए शराब में जहर मिलाये जाने का खलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। अभी ये मामला शांत भी नही हुआ था कि जांजगीर जिला में एक बार फिर जहरीली शराब से तीन लोगों की मौत की घटना ने पुलिस के माथे पर चिंता की लकीरे खीचने के साथ ही राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।

Back to top button