शिक्षक/कर्मचारी

CG-शिक्षा विभाग ब्रेकिंग : 272 कर्मचारी बर्खास्त, गलत तरीके से नियुक्ति मामले में बड़ा एक्शन, तत्कालीन DEO ने किया था खेला, संयुक्त संचालक ने NW NEWS से कहा…

जगदलपुर 4 मार्च 2023। शिक्षा विभाग में गलत तरीके से हुई नियुक्तियों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। राज्य सरकार के निर्देश पर 272 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। बस्तर संयुक्त संचालक आरपी आदित्य ने NW न्यूज 24 से बात करते हुए बताया कि भर्तियां में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां पायी गयी थी, जिसके आधार पर 272 कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने का आदेश दिया गया है। आपको बता दें कि 2015 से 2018 के बीच तत्कालीन डीईओ ने बड़ा खेल करते हुए नियम कायदों को ताक पर रखकर भृत्य के पद पर भर्तियां कर दी।

हैरानी की बात ये है कि इन पदों पर भर्तियों के लिए शासन स्तर पर कोई निर्देश नहीं था। ना ही भर्ती के लिए कोई विज्ञापन निकाला गया और ना ही शासन स्तर से कोई अनुमति ली गयी। तत्कालीन डीईओ राजेंद्र झा ने मनमाने तरीके से आकस्मिक निधि से शिक्षा विभाग में भर्तियां कर ली। सभी कर्मचारी पिछले 6 से 8 साल तक बिना अनुमति के ही ना सिर्फ नौकरी करते रहे, बल्कि वेतन भी उठाते रहे।

इस मामले में जब शिकायत हुई, तो जांच शुरू हुई। जांच के दौरान पाया कि 2015 से 2018 के बीच तत्कालीन डीईओ राजेंद्र झा ने गलत तरीके से सभी की नियुक्तियां कर ली थी। जिन मदों में भर्तियां की गयी है, उनमें साल 2000 से ही नियुक्ति पर बैन है। बावजूद कलेक्टर दर से आकस्मिक निधि मद पर शिक्षा विभाग में सैंकड़ों भर्तियां कर ली गयी। जानकारी के मुताबिक 700 भर्तियों में से अभी 272 पर पहली जांच के आधार पर कार्रवाई हुई है। अन्य कर्मचारियों की भी जांच हो रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है। इस मामले में कार्रवाई का निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने जारी कर दिया है।

इस मामले में NW न्यूज 24 से बात करते हुए ज्वाइंट डायरेक्टर आरपी आदित्य ने बताया कि…

272 कर्मियों की सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की गयी है। इन सभी की नियुक्तियां गलत पायी गयी है। नियुक्तियों के लिए शासन स्तर पर कोई निर्देश नहीं था। बिना विज्ञापन निकाले ही भर्तियां कर ली गयी थी। अभी सभी की सेवा समाप्ति की कार्रवाई हुई है। शासन स्तर पर गलत तरीके से नियुक्त हुए कर्मचारियों को किये गये वेतन भुगतान की रिकवरी की भी कार्रवाई होगी, साथ ही जो जिम्मेदार अधिकारी है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

आरपी आदित्य, संयुक्त संचालक, बस्तर

Back to top button