हेडलाइन

CG: पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 2 इनामी नक्सलियों को जवानों ने किया ढेर

सुकमा 5 सितंबर 2023। नक्सल प्रभावित सुकमा जिला में जवानों ने मुठभेड़ में 2 माओवादियों को मार गिराया है। घटना मंगलवार सुबह की है, जब सर्चिंग पर निकले जवानों का माओवादियों के साथ मुठभेड़ हो गया। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए 2 माओवादियों को मार गिराया है। बताया जा रहा है कि मारे गये नक्सलियों पर 1-1 लाख रूपये का इनाम था। पुलिस अधिकारियों ने इस मुठभेड़ में सभी जवानों के सुरक्षित होने की पुष्टि भी की है।

जानकारी के मुताबिक पुलिस को जगरगुंडा एरिया कमेटी के 10 से 12 नक्सलियों के जंगल में बैठक लिए जाने का इनपुट मिला था। पुख्ता सूचना मिलने के बाद डीआरजी, जिला बल और सीआरपीएफ 223 का संयुक्त बल ने सर्चिंग ऑपरेशन शुरू कर नक्सलियों के इलाके में जा पहुंचा। सुबह के वक्त ताड़मेटला-दूलेड के जंगलों के बीच घात लगाकर बैठे माओवादियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग खोल दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग शुरू करते हुए माओवादियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। बताया जा रहा है कि फोर्स की चौतरफा फायरिंग के बाद नक्सलियों पर जवान भारी पड़ने लगे। जिसके बाद नक्सली वहां से भाग खड़े हुए।

पुलिस टीम द्वारा इलाके में सर्चिंग करने पर दो पुरुष नक्सलियों का शव बरामद किया गया। जिसकी पहचान प्राथमिक तौर पर जगरगुंडा एरिया कमेटी के अंतर्गत नक्सली मिलिशिया कैडर सोढ़ी देवा निवासी ताड़मेटला और रवा देवा निवासी ताड़मेटला के रूप में हुई है। दोनों पर एक-एक लाख का इनाम घोषित था।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मारे गये दोनो नक्सलियों पर चिंतागुफा थाना क्षेत्र में हुई उप-सरपंच ताड़मेटला पंचायत माड़वी गंगा की हत्या और कोरसा कोसा की पुलिस मुखबिरी के शक में हत्या जैसे अपराध में संलिप्तता थी। पुलिस को घटनास्थल से एक 12 बोर डबल बैरल राइफल और एक पिस्टल बरामद कर जब्त किया है। माओवादियों से मुठभेड़ के बाद जवानों द्वारा क्षेत्र में लगातार सर्चिंग तेज कर दी गयी है।

Back to top button