ब्यूरोक्रेट्स

CG पहल- इस जिले में पुरूष के साथ अब महिला पुलिस कर्मी भी करेंगी गश्त, महिलाओं की सुरक्षा और विज़िबल पुलिसिंग के लिए एसपी ने की अनोखी पहल….

 

 

कोरबा 5 फरवरी 2022- विजिबल पुलिसिंग और महिलाओं की सुरक्षा के लिए कोरबा एसपी भोजराम पटेल ने महिला पुलिस कर्मियों की सखी टीम का गठन कर अनोखी पहल की है। एसपी के इस प्रयास के बाद अब हाट-बाजार सहित मार्केट में किसी भी परिस्थिति में महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिए अब महिला पुलिस टीम भी सतत गश्त करेंगी।

 

गौरतलब है आम जनता की सुरक्षा और उनसे बेहतर संवाद के लिए कोरबा एसपी भोजराम पटेल की इनोवेटिव सोंच काफी कारगर साबित हो रही है। महिलाओं की सुरक्षा की दिशा में कोरबा एसपी ने एक बार फिर अनोखा प्रयास करते हुए सखी टीम का गठन किया है, जो अब शहर में गश्त करेंगी। विजिबल पुलिसिंग शहर में पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ साथ महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं ।

इसके पूर्व थाना चौकी में पदस्थ अधिकारी और कर्मचारी ही शहर में गश्त पेट्रोलिंग किया करते थे। लेकिन अन्य कार्यों में व्यस्त होने के कारण कभी-कभी कर्मचारियों की कमी से पेट्रोलिंग नहीं हो पा रही थी। साथ ही पेट्रोलिंग टीम में महिला कर्मचारी के न होने से कई बार महिलाओं के साथ असामाजिक तत्वों के द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की दशा में संकोच एवम शर्म के कारण महिलाएं सामने नही आती थी। ऐसेे में कोरबा एसपी भोजराम पटेल की ये पहल काफी कारगर साबित होगी।

जिले के शहरी थानों और रक्षित केंद्र में पदस्थ महिला कर्मचारियों को सप्ताह में 1 दिन ड्यूटी लगाने का आदेश जारी किया गया है । इस आदेश के बाद अब प्रतिदिन 4-4 महिला कर्मचरियों की 2 टीम रोस्टर के अनुसार प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक शहर में स्कूटी और बाइक से पेट्रोलिंग करती नजर आयेगी । एसपी भोजराम पटेल ने बताया कि इस पहल के बाद पुलिस विभाग की महिला कर्मचारियों का आम जनता के साथ ही महिलाओं से सीधा संपर्क होगा, और महिलाओं के मन में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ेगा। वहीं अपराधी और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध महिलाएं निडर होकर शिकायत कर सकेंगी ।

Back to top button