हेडलाइन

CG : जेल ब्रेक अपडेट – जेल से फरार एक बंदी गिरफ्तार…. दूसरे की तलाश जारी, जेल अधीक्षक ने प्रहरी पर गिराई निलंबन की गाज, जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बालोद 28 नवंबर 2022। बालोद जेल की दीवार फांदकर फरार दो विचाराधीन बंदियों के फरार होने के मामले में दुर्ग जेल अधीक्षक ने एक प्रहरी को निलंबित कर दिया हैं। वही फरार बंदियों में से एक बंदी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस की गिरफ्त में आया बंदी हत्या का आरोपी हैं, वही पुलिस रेप के फरार बंदी की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।

गौरतलब हैं कि बालोद जेल से शनिवार को हत्या और दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहे 2 विचाराधीन बंदी दीवार फांदकर फरार हो गये थे। घटना की जानकारी के बाद जेल प्रशासन के हाथ पैर फूल गये थे। जेल से फरार कैदी में हत्या के मामले में गिरफ्तार विकास कुमार यादव और शिवकुमार को पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया था। जेल में कैदियों की संख्या बढ़ने के चलते बैरक क्रमांक 4 व 5 के सामने दो नये बैरक का निर्माण किया जा रहा है। जिसके लिये रखे सीढ़ी के सहारे से दोनों कैदी फरार होने में कामयाब हो गये थे।

इधर कैदियों के फरार होने की जानकारी के बाद पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया था। वहीं इस घटना के पीछे जेल प्रशासन की बड़ी लापरवाही भी सामने आयी है। बताया जा रहा हैं कि जेल की 21 फीट ऊंची दीवार में सोलर फेंसिंग तार तो लगाया गया है, लेकिन पिछले तीन साल से करंट की सप्लाई ही नही हैं, जिससे फरार होने की कोशिश करने वाले बंदियों को झटका लगता। लिहाजा इसी का फायदा उठाकर लोहे का सरिया फंसाकर दोनों कैदी फरार होने में सफल रहे। तार में करंट इसलिए प्रभावित नहीं हो रही है, क्योंकि इसके लिए लगाया गया मशीन खराब होने के बाद से बंद हो गया है।

उधर फरार होने वाले दो में से एक कैदी को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के आरोपी विकास यादव को पुलिस ने उसके घर से पकड़ा हैं। वहीं डौंडी लोहारा थाना क्षेत्र में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म मामले का आरोपी शिव कुमार उर्फ मोनू पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस पूरे जिले में फरार बंदी की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। वही इस घटना के बाद जेल का निरीक्षण करने दुर्ग जेल अधीक्षक एस.एस.तिग्गा पहुंचे। जांच के बाद जेल अधीक्षक ने डयूटी पर तैनात प्रहरी मोहित मंडावी को सस्पेंड कर दिया हैं। जेल अधीक्षक ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद करने की बात कही हैं।

Back to top button