क्राइम

CG- मासूम बच्चे के सामने मां की टांगी मारकर कर दी निर्मम हत्या, जमीन विवाद में आरोपियों ने दिया वारदात को अंजाम, घटना के बाद मासूम ने पुलिस को…….

 

कोरबा 3 फरवरी 2022- जमीन विवाद को लेकर 3 आरोपियों ने एक महिला को उसके 8 साल के मासूम बेटे के सामने मौत के घाट उतार कर फरार हो गये। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस घटना का मुख्य आरोपी अब भी फरार है।

पूरा घटनाक्रम कटघोरा थानांतर्गत जटगा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम मुकुवा का है। बताया जा रहा है कि बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात गांव में रहने वाली महिला उर्मिला यादव घर पर थी। उसके साथ आठ साल का बेटा भी घर में मौजूद था। इसी दौरान गांव में रहने वाले तीन ग्रामीण घर में पहुंच गये, और जमीन विवाद की बात को लेकर महिला के सिर पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल उर्मिला यादव की मौके पर ही मौत हो गयी, वही हत्या के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए।

गुरुवार सुबह मृतिका के बेटे ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कटघोरा SDOP ईश्वर प्रसाद त्रिवेदी और थानेदार नवीन देवांगन ग्राम मुकुवा पहुंचे। घटना को लेकर परिवार के लोगों से जानकारी लिया गया। उर्मिला के आठ वर्षीय बेटे ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए बताया कि गांव में रहने वाले धनीराम गोंड़, प्रहलाद सिंह श्याम और लाखन सिंह रात के वक्त उसके घर पहुंचे थे।

जमीन को लेकर विवाद बढ़ने पर तीनों ने मिलकर उर्मिला के सिर पर टांगी से हमला किया। सिर में गंभीर चोट आने से महिला जमीन पर गिर गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई,जिसके बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। वारदात के संबंध में जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी करके प्रहलाद और लाखन को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि धनीराम की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि उर्मिला यादव के परिवार का झगड़ा जमीन को लेकर गांव में रहने वाले धनीराम के साथ चल रहा था।

उर्मिला के कब्जे की जमीन पर धनीराम दावा कर रहा था। इसे लेकर दोनों परिवार के बीच विवाद हुआ था। घटना के समय उर्मिला का पति घर में नहीं था। जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। कटघोरा पुलिस ने इस घटना पर हत्या का अपराध दर्ज कर फरार मुख्य आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Back to top button