क्राइम

CG: दो सगी बहनों को एक ही लड़के से हुआ प्यार,फिर बड़ी बहन ने किया कुछ ऐसा कि पुलिस के साथ पूरा परिवार रह गया दंग…..

खैरागढ़-छुईखदान 20 जुलाई 2023। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला में एक लड़के की चाहत में दो-दो जिंदगियों के बर्बाद होने का सनसनीखेज मामला सामने आया हैं। यहां गांव के ही एक युवक से दो सगी बहने प्यार करती थी। हकीकत सामने आने के बाद प्यार में अंधी हो चुकी बड़ी बहन ने छोटी बहन को रास्ते से हटाने के लिए उसे कुल्हाड़ी से काट दिया। हत्या के इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा होने के बाद पुलिस और परिवार के लोग हैरान हैं।

प्यार में रिश्तों के कत्ल का ये मामला खैरागढ़ थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक कुशियारी गांव में रहने वाली संध्या धुर्वे की लहुलूहान लाश पुलिस ने मंगलवार को बरामद की थी। अंधें कत्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस ने हत्या से जुड़ी कड़ियों को पिरोना शुरू किया। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि संध्या और उसकी बड़ी बहन गांव के एक ही लड़के से मोबाइल पर काफी बातचीत करती थी। पुलिस ने इस सुराग के बाद ट्रायंगल लव स्टोरी की थ्योरी पर मामले की जांच शुरू की तो मृतिका की बड़ी बहन गायत्री धुर्वे की तरफ शक गहराने लगा।

इसके बाद संदेह के आधार पर पुलिस ने गायत्री धुर्वे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पहले तो गायत्री पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गयी। पुलिस की पूछताछ में गायत्री ने बताया कि दोनों बहने गांव के ही एक युवक को पसंद करती थीं। जब इसका पता गायत्री को हुआ तो वह अपनी छोटी बहन से नफरत करने लगी थी। इसी दौरान एक दिन उसने संध्या को मोबाइल पर उसी लड़के से बात करते हुए देख लिया। गायत्री ने पुलिस को बताया कि इसके बाद उसने अपने प्यार को हासिल करने के लिए छोटी बहन को ही रास्ते से हटाने की के लिए हत्या की साजिश रची।

नहाने का पानी भरने के दौरान उसने छोटी बहन से विवाद किया। फिर जबरदस्ती बात बढ़ाते हुए कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी बड़ी बहन के इस खुलासे के बाद पुलिस ने बड़ी बहन गायत्री धुर्वे को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी अंकिता शर्मा ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि एक युवक को पसंद करने में दो जिंदगियां खराब हो गईं। पुलिस ने आरोपी बड़ी बहन के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया हैं।

Back to top button