अध्यातम

Chhath Puja 2022 Samagri List: पहली बार रख रहे हैं छठ पूजा का व्रत तो तैयार कर लें पूजन सामग्री की पूरी लिस्ट…बाद में नहीं होगी परेशानी….

रायपुर 28 अक्टूबर 2022: छठ पूजा के लिए लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। छठ घाट तैयार होने शुरू हो गए हैं। साफ-सफाई और रंगाई का काम भी शुरू किया जा चुका है। 28 अक्टूबर से छठ महापर्व शुरू हो रहा है जो 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस व्रत के दौरान सूर्य भगवान और छठी मइया की पूजा अर्चना की जाती है। ये व्रत मुख्य रूप से संतान की लंबी आयु, अच्छी सेहत, पारिवारिक सुख-समृद्धि और मनोवांछित फल की प्राप्ति के लिए किया जाता है। इस व्रत की शुरुआत नहाय खाय से होती है और चौथे दिन उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस व्रत का समापन हो जाता है। इस व्रत में पूजा सामग्री का भी खास महत्व होता है। ऐसे में अगर आप पहली बार छठ का व्रत रखने जा रहे हैं तो उसके लिए आपको सबसे पहले पूजन सामग्री की लिस्ट बनानी होगी। जानिए छठ का व्रत के दौरान व्रती को पूजन के लिए किन चीजों की जरूरत होगी।

कपड़े : छठ पर्व पर व्रती महिलाएं और पुरुष पुराने कपड़े नहीं पहनते हैं। ऐसे में जरूरी है कि पूजा के लिए क्या पहनना है, इसकी खरीदारी समय रहते कर लें। छठ पूजा में प्रसाद रखने के लिए बांस की दो टोकरी भी लेनी चाहिए, इसका पूजा के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

सूप: अपने बजट के हिसाब से बास या फिर पीतल का सूप इस्तेमाल किया जा सकता है। कई महिलाएं 5 से 7 सूप तैयार करती हैं। इनमें से पीतल के भी हो सकते हैं। लोटा भी लेना जरूरी है, इसका इस्तेमाल दूध और गंगा जल के लिए किया जाता है। हालांकि, अगर घर में पहले से लोटा मौजूद है तो उसका इस्तेमाल कर सकते हैं।

प्रसाद: छठ पर्व पर प्रसाद के लिए ठेकुआ तैयार किया जाता है। यह प्रमुख प्रसाद माना जाता है। इसको लेंगुड़ और गेहूं के आटे से बनाया जाता है। इसके साथ ही चावल के आटे से बना लड्डू, जिसे कसार कहते हैं, उसको भी बनाना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में दोनों को तैयार करने के लिए सामग्री पहले से एकत्रित कर लें, जिससे बाद में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

28 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चार दिन का छठ महापर्व

  • छठ पूजा का पहला दिन – नहाय खाय – 28 अक्टूबर 2022, शुक्रवार 
  • छठ पूजा का दूसरा दिन – खरना – 29 अक्टूबर 2022, शनिवार
  • छठ पूजा का तीसरा दिन – डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य – 30 अक्टूबर 2022, रविवार
  • छठ पूजा का चौथा दिन – उगते हुए सूर्य को अर्घ्य – 31 अक्टूबर 2022, सोमवार

छठ पूजन के लिए पूरी सामग्री लिस्ट

  • छठ पूजा का प्रसाद रखने के लिए बांस की दो बड़ी-बड़ी टोकरियां 
  • बांस या फिर पीतल का सूप
  • एक लोटा (दूध और जल अर्पण करने के लिए) 
  • एक थाली
  • पान
  • सुपारी
  • चावल
  • सिंदूर
  • घी का दीपक
  • शहद 
  • धूप या अगरबत्ती
  • शकरकंदी
  • सुथनी
  • गेहूं, चावल का आटा
  • गुड़
  • ठेकुआ
  • व्रती के लिए नए कपड़े
  • 5 पत्तियां लगे हुए गन्ने
  • मूली, अदरक और हल्दी का हरा पौधा
  • बड़ा वाला नींबू
  • फल-जैसे नाशपाती, केला और शरीफा
  • पानी वाला नारियल 
  • मिठाईयां

Back to top button