हेडलाइन

कलेक्टर-एसपी के कामों पर खुद मुख्यमंत्री की नजर, भ्रष्टाचार व लेटलीतीफी के कामों पर सीएम सख्त, बोले, टाल मटोल वाला रवैया बदले

रायपुर 13 मार्च 2024। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कलेक्टर से लेकर एसपी तक की जमकर क्लास ली। भ्रष्टाचार, लेट लतीफी और DMF के मुद्दे पर जहां कलेक्टर्स पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जतायी, तो वहीं कानून व्यवस्था के मुद्दे पर एसपी कटघरे में रहे। मुख्यमंत्री के तेवर से साफ हो गया कि अब लापरवाही पर सीधे कलेक्टर्स-एसपी पर गाज गिरेगी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ये कहा भी, कि पुलिस और प्रशासन के कामों पर वो स्वयं नजर रख रहे हैं।

कलेक्टर-एसपी के कामों से भी मुख्यमंत्री नाखुश दिखे, लिहाजा उन्होंने ये बातें भी कही, कि कलेक्टर्स-एसपी को और अधिक मेहनत करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री आम जनता से जुड़े हैं, लिहाजा उन्हें फील्ड से काफी इनपुट्स आते हैं। लिहाजा आज कलेक्टर्स-एसपी को एड्रेस करते हुए मुख्यमंत्री ने जनता की शिकायतों और परेशानियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसी कोशिश होनी चाहिये, कि लोगों की समस्याओं का निराकरण समय सीमा में होना चाहिये, किसी को बेवजह दफ्तर के चक्कर ना लगाने पड़े। भ्रष्टाचार पर भी विष्णुदेव साय काफी गंभीर नजर आये।

मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार पर भी कलेक्टरों को ताकीद दे दी, कि कहीं से भी भ्रष्टाचार की शिकायत मिली, तो सख्त कार्रवाई होगी। कामों को टालने की व्यवस्था अब बदलनी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कलेक्टर-एसपी की तारीफ जनता के जरिये शासन तक पहुंचनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि डीएमएफ का उपयोग क्षेत्र के विकास के लिए होना चाहिए। जिस तरह से पूर्व में डीएमएफ की राशि का दुरुपयोग हुआ है, वैसी शिकायत नहीं आनी चाहिये।कहीं से भी ऐसी शिकायत आती है, तो सख्त कार्रवाई होगी।

प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के भी निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में कई लोगों को आवास नहीं मिल पाए हैं। बैंक से पैसा ना मिल पाने की शिकायत हो। हितग्राहियों को राशि निकालने में परेशानी की शिकायत नहीं होनी चाहिये। वहीं एसपी को हिदायत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय होना चाहिए, गुंडागर्दी ना हो ये एसपी को सुनिश्चित करना होगा।

Back to top button