हेडलाइन

“हमारे संसाधनों पर कांग्रेस की बुरी नजर” “विरासत टैक्स” के हिमायती बनने पर मुख्यमंत्री ने लिया आड़े हाथों, बोला, तुष्टिकरण में अंधी हो गयी है कांग्रेस

रायपुर25 अप्रैल 2024। “विरासत टैक्स” पर कांग्रेस के हिमायती बनने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीखा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने सेम पित्रोदा के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पहले देश के टुकड़े-टुकड़े किये, जातियों में बांटा और फिर इस चुनाव में वो तुष्टिकरण की राजनीति पर आमादा है। कांग्रेस कह रही है कि सत्ता में आई तो कानून बनाकर आपकी संपत्ति हड़प लेगी। सैम पित्रोदा के बयान से इसकी पुष्टि हुई है। कांग्रेस ने भारतीय समाज के उस पारिवारिक संरचना पर सीधा हमला किया है, जो  संपत्तियों को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी में हस्तांतरित करती है।

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि, देश के लोगों की संपत्ति विदेशी घुसपैठियों के लिए नहीं है, कांग्रेस की बुरी नियत को हम कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, आखिर कांग्रेस की ये कौन सी राजनीति है, जिसमें वो देश के संसाधनों पर पहला हक मुस्लिमों का बता रहे हैं। कांग्रेस मुस्लिम तुष्टिकरण में इतनी अंधी हो गई है कि वह देश की परंपरा पर सीधी चोट कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कह रही है कि अगर सत्ता में आयी, तो कानून बनाकर, मरने के बाद परिवार की संपत्ति हड़प लेगी, ये बहुत ही शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुस्लिम तुष्टिकरण में इतनी अंधी हो गयी है कि वो देश की सनातन परंपरा और परिवारिक परंपरा पर सीधा चोट कर रही है। कांग्रेस की मंशा ये है कि देश के लोगों की संपत्ति राजसात कर, उन्हें बांट दें, जिनके या तो ज्यादा बच्चे हैं या फिर घुसपैठिये हैं।

विष्णुदेव साय ने साफ कहा कि कांग्रेस की इस मंशा को किसी भी हालत में स्वीकार नहीं करेंगे, यहां के संसाधनों पर हक यहां के लोगों का है, यहां के गरीब दलित, पिछड़ों व आदिवासियों का है। इस संपत्ति पर हक रोहिंग्याओं को नहीं देंगे। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि कांग्रेस की यहां की संपत्ति पर बुरी नजर है, उसे कहीं पूरा होने नहीं दिया जायेगा।

 

 

Back to top button