हेडलाइन

गोठान की अव्यवस्था पर निगम सख्त : दो बार की नोटिस के बाद भी गोठान की नहीं सुधरी व्यवस्था, खाली कराने पहुंचा निगम अमला, तो प्रभारी ने की टीम के साथ धक्का-मुकी…. पुलिस की मौजूदगी में कराया गया खाली

रायपुर 28 सितंबर 2022। भूपेश सरकार की गोठान योजना पर कुछ गोठान प्रभारी पलीता लगा रहे हैं। सरकार की तरफ से आर्थिक सहायता के बावजूद ना तो गौठान में रखे मवेशियों की अच्छी देखभाल नहीं हो रही है, लिहाजा जिला प्रशासन की तरफ से वैसे गोठान प्रभारियों पर कार्रवाई भी हो रही है। ऐसे ही अव्यवस्था का शिकार हो रहे रायपुर फुंडहर गोठान प्रभारी को निगम प्रशासन ने हटा दिया। हालांकि इससे पहले गोठान प्रभारी विक्रांत शर्मा को निगम प्रशासन ने कई बार नोटिस देकर व्यवस्था सुधारने की हिदायत दी थी, लेकिन गौठान की व्यवस्था नहीं सुधर रही थी, लिहाजा आज जबरन गोठान प्रभारी और उनेक लोगों को हटाया गया।

दरअसल राजधानी में तीन गोठान संचालित हो रहे हैं। दो गोठान में व्यवस्थाएं काफी अच्छी है, जहां ना सिर्फ गौवंश की सेवा हो रही है, बल्कि गोबर के उत्पाद और अन्य गतिविधियों का संचालन का अच्छा मुनाफा भी हासिल किया जा रहा है, लेकिन फुंडहर गोठान में व्यवस्थाएं बार-बार की कोशिश के बावजूद व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हो रही थी।

सुधार के लिए निगम ने फुंडहर गोठान प्रभारी विक्रांत शर्मा को दो बार नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन व्यवस्था नहीं सुधरती देख और लगातार लापरवाही बरते जाने के बाद निगम कमिश्नर मयंक चतुर्वेदी ने फुंडहर गौठान प्रभारी को हटाने के निर्देश दिये।

पहले बोलता रहा समाज सेवा, आज हटाने पहुंची टीम, तो उलझ पड़ा गोठान प्रभारी

पहल शिक्षा एवं सांस्कृतिक संस्था को फुंडहर गौठान की देखभाल का जिम्मा मिला था। इस गौठान में करीब 800 मवेशी है। पहले जब टीम पहुंची और अव्यवस्थाओं को लेकर उससे बातें की, तो गोठान प्रभारी विक्रांत शर्मा की दलील रही कि वो समाज सेवा कर रहा है, वो हर तरीके से गाय की सिर्फ सेवा करता है। लेकिन, व्यवस्था नहीं सुधरती देख जब आज निगम की टीम पहुंची तो निगम की टीम के साथ विक्रांत शर्मा उलझ गया। विवाद की स्थिति बनती देख पुलिस टीम बुलानी पड़ी, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद गोठान को खाली कराया गया। कानून व व्यवस्था की स्थिति बिगड़ते देख पुरुष तथा महिला पुलिस बल बुलाकर उन्हें हटाया गया। इससे पूर्व निगमायुक्त चतुर्वेदी ने वहां निरीक्षण किया था। वहां अव्यवस्था देखकर उसे सुधारने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर 27 जुलाई को और 8 सितंबर को नोटिस जारी कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए थे। किंतु व्यवस्था में सुधार ना होते देखकर उन्हें हटाने के साथ बेदखली की भी कार्रवाई की गई।

खुद निगम आयुक्त ने भी किया था गोठान का निरीक्षण

छत्तीसगढ़ में गोठान की स्थिति काफी बेहतर है। राज्य सरकार की तरफ से आर्थिक मदद तो की ही जा रही है, गोठान की मवेशियों से भी गोठान का अच्छा संचालन हो रहा है। लेकिन, फुंडहर को लेकर लगातार शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद खुद निगम आयुक्त मयंक चतुर्वेदी फुंडहर गोठान पहुंचे थे। कल जांच की गई तो वहां भारी अव्यवस्था पाई गई। बहुत सारी गाएं बीमार मिली। गोठान में गायों के उपचार हेतु पर्याप्त दवाइयां भी नहीं पायी गई। साथ ही हरा चारा की भी व्यवस्था नहीं थीं। आज जब निगम की टीम नोटिस के आधार पर विक्रांत शर्मा तथा उनके लोगों को हटाने के लिए फुंडहर गौठान पहुंची तो उनके साथ भी धक्का मुक्की करने लगे।

Back to top button