स्पोर्ट्स

जंतर-मंतर पर पहलवानों का प्रदर्शन… खेल मंत्रालय का बड़ा फैसला… भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव पर लगी रोक….

दिल्ली 24 अप्रैल 2023 दिल्ली के जंतर-मंतर पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पहलवानों ने एक बार फिर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पहलवानों ने एक बार फिर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। धरने के बीच खेल मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है जिसमें मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव पर रोक लगा दी है। बता दें कि भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव 7 मई को होने वाले थे।

महिला पहलवानों ने बृजभूषण सिंह को पद से बर्खास्त करने की मांग की है। पहलवानों का आरोप है कि बृजभूषण सिंह ने अपशब्दों का प्रयोग किया और खिलाड़ियों को गाली भी दी थी। अब एक बार फिर बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक जैसे दिग्गज खिलाड़ी सहित कुछ और पहलवान जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। 7 महिला पहलवानों ने सिंह के खिलाफ पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए शिकायत दी है। महिला खिलाड़ी सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं हैं। कोर्ट में नाबालिग सहित लड़कियों की ओर से अनुच्छेद 32 के तहत एक रिट याचिका दायर की गई है।

पहलवानों ने कहा कि उन्हें एक महीने में कार्रवाई का भरोसा दिया गया था लेकिन अब तीन महीने बाद भी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है और सरकार ने पहलवानों को जो आश्वासन दिया था वह झूठा निकला। यह पूरा मामला जनवरी में सामने आया था। तब देश के शीर्ष पहलवान बृजभूषण के खिलाफ जंतर-मंतर पर धरने पर बैठ गए थे।


विनेश फोगाट ने कहा कि जैसे की आप सब जानते हैं कि तीन महीने पहले हमने रेसलिंग फेडरेशन के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आवाज उठाई थी। हमारे साथ में कुछ राजनीती हुई है। सरकार ने एक कमेटी बनाई थी और 4 हफ्ते का समय मांगा था लेकिन, 3 महीने हो गए, हमें इंतजार करते हुए, हमारे साथ आज भी न्याय नहीं हुआ है। दो दिन पहले हम पुलिस स्टेशन गए थे।

जहां 7 लड़कियों ने बृजभूषण के खिलाफ कार्रवाई करने की शिकायत दी है। शिकायत में बृजभूषण ने जो शारीरिक शोषण किया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। लेकिन पुलिस हमारी FIR भी दर्ज नहीं कर रही है। जिसके बाद इंतजार कर जंतर-मंतर पर आए हैं। यहां भी हमें परमिशन नहीं मिली है। हम ऐसे ही बैठे हैं। पुलिस हमारे चारों तरफ खड़ी है। हम आप सभी देशवासियों से हाथ जोड़कर विनती करते हैं कि हम सभी खिलाड़ियों को न्याय दिलवाने के लिए हमारा साथ और समर्थन दीजिए। प्लीज जंतर-मंतर पर आइए।

हम सभी इक्ट्‌ठा होकर लड़ेंगे तो ज़रुर न्याय मिलेगा-बजरंग पुनिया

वहीं बजरंग पुनिया ने कहा कि अगर आज हम बहन-बेटियों की लड़ाई की हम एक साथ इक्ट्‌ठे नहीं हुए तो कभी भी कोई बहन-बेटी आवाज उठाने योग्य नहीं रहेगी। क्योंकि हम सभी इक्ट्‌ठा होकर लड़ेंगे तो ज़रुर न्याय मिलेगा। आज सभी बहन-बेटियां यहां सड़क पर बैठी हैं, आप सभी सहयोग कीजिए। साक्षी मलिक ने कहा कि ये सच्चाई की लड़ाई है, हमारा साथ दीजिए।

#देश_पहलवानों_के_साथ_है

Back to top button