पॉलिटिकलहेडलाइन

“उनकी उम्र हो गयी है, ख्याल नहीं रहता है कहां क्या बोलना है”…पूर्व मंत्री के आपत्तिजनक बयान पर महिला संसदीय सचिव का पलटवार..

कोरिया 13 जनवरी 2023। पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े का विधायक अंबिका सिंहदेव पर दिया बयान तूल पकड़ गया है। आज दिन भर कांग्रेस और बीजेपी इस मामले पर आमने-सामने होते रहे। एक तरह जहां जनपद सीईओ के खिलाफ कार्रवाई की आवाज उठती रही, तो दूसरी तरफ कांग्रेस ने आपत्तिजनक बयान को लेकर थाने में शिकायत दर्ज करायी और पूर्व मंत्री राजवाड़े का पुतला भी फूंका। इधर पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े के संसदीय सचिव अम्बिका सिंहदेव पर की गई अमर्यादित टिप्पणी पर संसदीय सचिव अम्बिका सिंहदेव का बयान आया है। अंंबिका सिंहदेव ने कहा है कि

भैयालाल राजवाड़े की उम्र हो गयी है, शायद उनको ख्याल नहीं रहता है किस जगह किस शब्द का प्रयोग करना चाहिए। उम्र हो गयी है, वैसे उनकी जब उनकी उम्र इतनी नही भी हुई थी तब भी वो, ऐसी बयानबाजी करते थे। कभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओ को लेकर, कभी किसी विभिन्न समाज को लेकर.. इस पर कांग्रेस क्या कर सकती है।

आपको बता दें कि पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े बैकुंठपुर स्थित जनपद पंचायत कार्यालय का घेराव कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि जनपद पंचायत सीईओ विनय कश्यप को हटाया जाये। विकास योजना का पैसा भुगतान नहीं होने की शिकायत पर भाजपा आक्रामक थी और उग्र चेतावनी भी दी थी।

VIDEO- पूर्व मंत्री की महिला विधायक पर अमर्यादित टिप्पणी…क्या वो सिर्फ … नाराज समर्थकों का हंगामा, थाने में शिकायत, पुतला फूंका..

भाजपा नेता, सरपंच और ठेकेदार लगातार अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगा रहे थे। भाजपाइयों ने यह चेतावनी भी दी थी कि अगर जल्दी ही कार्रवाई नहीं की गई तो फिर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसी दौरान मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े ने संसदीय सचिव और विधायक अंबिका सिंहदेव के बारे अमर्यादित बातें कह दी। विधायक ने कहा कि क्या विधायक सिर्फ चेहरा दिखाने के लिए विधायक बनी है। बाकी काम से उनको क्या कोई मतलब नहीं है।इसे लेकर महिला विधायक के समर्थकों में आक्रोश है। विधायक समर्थकों ने भैयालाल रजवाड़े के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री भैयालाल राजवाड़े द्वारा संसदीय सचिव और विधायक अंबिका सिंहदेव के खिलाफ की गई टिप्पणी के खिलाफ काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता गुरुवार रात सिटी कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने बीजेपी नेता के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है और सबूत के तौर पर पेन ड्राइव में अमर्यादित टिप्पणी का वीडियो फुटेज सौंपा है।

Back to top button