स्पोर्ट्स

रंगारंग ओपनिंग सेरेमनी के साथ हॉकी वर्ल्ड कप का आगाज, भारत की मेजबानी पर गर्व करते हुए पीएम मोदी ने कही ये बातें….

कटक 11 जनवरी 2023: कटक के ऐतिहासिक बारबाती स्टेडियम में आयोजित भव्य रंगारंग कार्यक्रम के साथ ही हॉकी विश्व कप 2023 का आगाज हो गया। 13 से 29 जनवरी तक भुवनेश्वर कलिंग स्टेडियम एवं राउरकेला के बिरसामुंडा स्टेडियम में खेले जाने वाले विश्व का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें खेल के साथ ही ओडिशा की कला एवं संस्कृति की अमिट छाप देखने को मिली। खासकर हॉकी है दिल मेरा गीत पर पद्मश्री गुरु अरुणा महांती एवं साथी कलाकारों के द्वारा प्रदर्शित नृत्य देख पूरा बारबाती स्टेडियम झूम उठा। इस गीत में आवाज बॉलीवुड म्यूजिशियन प्रीतम दा एवं साथी कलाकारों ने दी।

कटक के बाराबती स्टेडियम में आयोजत इस ओपनिंग सेरेमनी में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का साथ केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी मौजूद थे। हॉकी को प्रमोट करने में लगातार अहम भूमिका निभा रहे मुख्यमंत्री पटनायक ने वर्ल्ड कप का उद्घाटन किया। इस शानदार समारोह को देखने के लिए 50 हजार से ज्यादा दर्शक स्टेडियम में इकट्ठा हुए। ओडिशा में 13 जनवरी से शुरू हो रहे पुरुषों के हॉकी वर्ल्ड कप के मुकाबले में दुनिया भर की कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं।

हॉकी वर्ल्ड कप 2023 के लिए नवीन पटनायक के नेतृत्व में ओडिशा में कई वर्ल्ड क्लास स्टेडियम तैयार कराए गए हैं। इस ग्लोबल टूर्नामेंट के सारे मैच भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम और राउरकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में 13 से 29 जनवरी तक होंगे। सीएम पटनायक ने वर्ल्ड कप देखने के लिए आने वालों का ‘हॉकी होम’ में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उन्हें यकीन है कि सभी मेहमान ओडिशा से बेहतरीन यादें अपने साथ ले जाएंगे। साथ ही, उन्होंने राज्य में मेगा खेल आयोजन की मेजबानी के लिए जरूरी समर्थन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह शानदार पल है। उन्होंने इस तरह के खूबसूरत उद्घाटन समारोह के आयोजन के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री और राज्य सरकार को धन्यवाद दिया और कहा, “यह दिखाता है कि भारत और ओडिशा को हॉकी के लिए कितना प्यार है।”

पीएम नरेंद्र मोदी ने समारोह से पहले कहा कि भारत को इस टूर्नामेंट की मेजबानी पर गर्व है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘ओडिशा में 2023 हॉकी वर्ल्ड कप शुरू होने के साथ, सभी हिस्सा लेने वाली टीमों को मेरी शुभकामनाएं। यह टूर्नामेंट खेल भावना को और मजबूत करे व हॉकी के खूबसूरत खेल को और लोकप्रिय बनाए। भारत को इस टूर्नामेंट की मेजबानी करने पर गर्व है।’

घंटे भर चलने वाले उद्घाटन समारोह के पहले और बाद खचाखच भरे स्टेडियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। समारोह की शुरुआत राज्य की एक जनजातीय नृत्य कला के साथ हुई जो कम से कम छह स्थानीय नृत्य रूपों का एक संयोजन था। इसे प्रख्यात नृत्य गुरु अरुणा मोहंती ने कोरियोग्राफ किया। उड़िया गायक स्नीति मिश्रा, ऋतुराज मोहंती, लिसा मिश्रा और अभिनेता पति-पत्नी सब्यसाची मिश्रा और अर्चिता साहू सहित कई अन्य कलाकारों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शहर भर में 16 फैन पार्क बने जहां हजारों हॉकी प्रेमी और उत्साही लोगों ने बड़ी स्क्रीन पर उद्घाटन समारोह देखा। सैकड़ों बॉलीवुड गायकों और स्थानीय कलाकारों ने हॉकी विश्व कप थीम गीत गाया जिसे संगीत निर्देशक प्रीतम ने संगीतबद्ध किया था।

बॉलीवुड एक्टर्स रणवीर सिंह और दिशा पटानी ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि ग्लोबल गर्ल म्यूजिक ग्रुप ब्लैकस्वान ने अपने प्रदर्शन से हजारों दर्शकों का मनोरंजन किया। प्रसिद्ध बॉलीवुड संगीत निर्देशक प्रीतम ने इस मौके पर एक यूथ कॉन्सर्ट का प्रदर्शन किया गया। बता दें कि उन्होंने हॉकी वर्ल्ड कप एंथम भी बनाया है। इस यूथ कॉन्सर्ट में कई जाने-माने संगीतकार और प्रसिद्ध गायक जैसे बेनी दयाल, नीति मोहन के साथ-साथ एक ड्रोन शो भी शामिल था।

मैच दो स्थानों राउरकेला के बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम और भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में 13 जनवरी से 29 जनवरी तक खेले जाएंगे। राउरकेला में 20 मैच होंगे जबकि फाइनल समेत 24 मैच भुवनेश्वर में खेले जाएंगे। पाकिस्तान इसकी सबसे सफल टीम है जिसने 4 बार टूर्नामेंट जीता है। भारत ने 1975 में टूर्नामेंट जीता था, जिसके बाद उसे खिताब की तलाश है।

Back to top button