टॉप स्टोरीज़

एक अनोखी शादी: पुतलों की हुई शादी, बजा बैंड-बाजा, आई बारात!….जानें क्या है पूरा मामला….

गुजरात 18 जनवरी 2023: कहते हैं सच्चा प्यार कभी नहीं मरता, वह हमेशा अमर रहता है। इसी की एक बानगी देखने को मिली है गुजरात के तापी में। यहां घर वालों ने जब एक प्रेमी जोड़े का प्यार स्वीकार नहीं किया और शादी से साफ़ इनकार कर दिया तो दोनों ने एक साथ मौत को गले लगा लिया। प्रेमी जोड़े ने कथित तौर पर 6 महीने पहले एक-दूसरे को गले लगाते हुए आत्महत्या कर ली थी। उन दोनों की लाश पेड़ पर एक ही फांसी के फंदे पर लटकी मिली थी। लेकिन 6 माह बाद घर वालों को उनके सच्चे प्यार का अहसास हुआ तो उनकी मरने के बाद शादी करवाई गई।

दरअसल, गणेश नाम का लड़का अपनी प्रेमिका रंजना से शादी करना चाहता था। गणेश अगस्त 2022 में रंजना को लेकर अपने घर पहुंचा था। उसके परिवार वालों ने रिश्ते से इनकार कर दिया था। इसके बाद दोनों घर से निकल गए और उनकी लाश कुछ घंटों बाद पेड़ पर एक ही रस्सी पर लटकी मिली थी।

रमेशभाई पडवी ने कहा कि परिवारवालों को लगा कि दोनों एक दूसरे से बेहद प्यार करते थे। जो काम उन दोनों के लिए पहले नहीं कर पाए, उसे अब इस तरीके से कर सकते हैं। इसी को लेकर उनकी मौत के बाद दोनों के पुतलों की शादी करवाई है, हमारा मानना है कि इससे उनकी आत्मा को शांति मिलेगी।

इसी को लेकर दोनों के परिवार वालों ने लड़का और लड़की का पुतला तैयार करवाया और शादी तय करके दोनों की बारात निकालने से लेकर शादी की सभी रस्में कराई गईं। यह शादी आदिवासी पंरपरा के मुताबिक करवाई गई।

लड़की के दादा भीम सिंह पड़वी का कहना है कि लड़का हमारे दूर के परिवार से ही रिश्ता रखता था, जिस वजह से ये शादी नहीं हो सकती थी। ऐसे में दोनों ही परिवार के सदस्यों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए पुतले बनाकर शादी करवाई है।

Back to top button