स्पोर्ट्स

ICC T20 ranking: टी20 में सूर्यकुमार की चमक कायम, पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान से छीनी नंबर वन की कुर्सी…

नई दिल्ली 02 नवंबर 2022: आइसीसी ने टी20I (ICC T20 Ranking) बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग जारी की है। भारत के सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav ICC Ranking) टी20 विश्व कप 2022 में पिछले सप्ताह में दो अर्धशतकों की बदौलत ICC पुरुषों की T20I रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान और न्यूजीलैंड के डेवोन कॉनवे को पीछे छोड़ दिया है।

सूर्यकुमार ने पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया। वह सिर्फ दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं जो टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के शीर्ष पर पहुंचे हैं।

पिछले साल मार्च में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण के बाद से सूर्यकुमार ने भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की करने के अलावा विश्व क्रिकेट में अपनी पहचान खेल के सबसे छोटे प्रारूप के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक के रूप में बनाई है।

सूर्यकुमार ने भारत के लिए 37 टी20 मुकाबले खेलते हुए एक शतक और 11 अर्धशतक जड़े हैं। उन्होंने 13 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है। सूर्यकुमार के 863 जबकि रिजवान के 842 अंक हैं। न्यूजीलैंड के डेवोन कॉनवे 792 अंक के साथ शीर्ष तीन में शामिल हैं।

Back to top button