स्पोर्ट्स

एशिया कप से लगभग बाहर हुई टीम इंडिया:सुपर- 4 के मुकाबले में श्रीलंका ने भारत को 6 विकेट से हराया…

नई दिल्ली 06 सितंबर 2022 : भारत ने एशिया कप 2022 के सुपर-फोर राउंड का एक और मुकाबला गंवा दिया। भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट से हार के बाद मंगलवार को श्रीलंका टीम से 6 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। भारत ने 174 रन का टारगेट रखा, जिसे श्रीलंका ने 4 विकेट के नुकसान पर 1 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया।

श्रीलंका के लिए पथुम निसंका और कुसल मेंडिस ने शानदार शुरुआत की। इन दोनों की बीच मजबूत साझेदारी बनी। निसंका ने 37 गेंदों का सामना करते हुए 52 रन बनाए। उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। मेंडिस ने 37 गेंदों में 57 रन बनाए। उनकी इस पारी में 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। चरिथ असलंका बिना खाता खोले आउट हो गए।

भारत के लिए युजवेंद्र चहल ने 3 विकेट झटके। उन्होंने 4 ओवरों में 34 रन दिए। रविचंद्रन अश्विन ने 4 ओवरों में 32 रन देकर एक विकेट लिया। हार्दिक पांड्या ने 4 ओवरों में 35 रन दिए। भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवरों में 30 रन दिए।

भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाए। इस दौरान रोहित शर्मा ने 41 गेंदों का सामना करते हुए 72 रन बनाए। रोहित की इस पारी में 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। सूर्य कुमार यादव ने 29 गेंदों में 34 रन बनाए। हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत ने 17-17 रन बनाए। रविचंद्रन अश्विन ने नाबाद 15 रन बनाए। विराट कोहली बना खाता खोले ही आउट हो गए।

श्रीलंका के लिए दिलशान मधुशंका ने 4 ओवरों में 24 रन देकर 3 विकेट झटके। करुणारत्ने और कप्तान शनका को 2-2 विकेट मिले। महीश तीक्षाना ने 3 विकेट झटके।

अब इस तरह से भारत फाइनल में पहुंच सकता है
– भारत अपने आखिरी सुपर-4 मैच में अफगानिस्तान को हराए।
– श्रीलंका की टीम पाकिस्तान को हराए
– अफगानिस्तान की टीम भी पाकिस्तान को हराए
– ये सब होने के बाद श्रीलंका 6 पॉइंट्स के साथ नंबर-1 पर रहेगी। भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के दो-दो पॉइंट्स होंगे। इन तीनों टीमों में भारत का नेट रन रेट सबसे अच्छा होना जरूरी।

Back to top button