टॉप स्टोरीज़

ड्राइवर और नौकर के नाम खरीदी करोड़ों की प्रॉपर्टी , आयकर विभाग ने चलाया हंटर..

बिठूर 16 अक्टूबर 2023|आयकर विभाग के बेनामी प्रकोष्ठ ने काली कमाई के जरिए खरीदी गई 10 करोड़ की संपत्तियों को कुर्क कर लिया। एक साल पहले डाक के जरिए विभाग में आई सूचना के बाद हुई जांच में मामला सामने आया। बिठूर के सिंहपुर कछार आदि क्षेत्र में नौकरों और जमीन से जुड़े परिजन के जरिए संपत्तियां खरीदी गईं। इसमें जमीन-खरीद फरोख्त के नियमों की भी अनदेखी की गई। वहीं दूसरे मामले में बहरीन में रह रहे दपंती ने ड्राइवर के जरिए 55 लाख की संपत्ति खरीद डाली। इसे भी कुर्क कर लिया गया है।

दरअसल, एक साल पहले बेनामी प्रकोष्ठ में एक डाक आई। जिसमें जमीनों से जुड़ी सारी जानकारी थी। जमीनों की खरीद में की गई अनियमितता के साथ ही बैंकों के खातों में हुए लेन-देन की बात बताई गई थी। इसके बाद विभाग ने मामले की जांच की तो एक के बाद एक गड़बड़ी और काली कमाई के गठजोड़ का पता चला। जांच में पता चला कि कल्याणपुर में रहने वाले अभिषेक शुक्ला ने अपने दो नौकरों करन कुरील और एकलव्य मोहन कुरील ने नाम पर दलित की जमीन खरीदी। यह जमीन बिठूर के सिंहपुर कछार निवासी मृतक दलित घसीटाराम की थी। 

करोड़ों की जमीन को खेल करके खरीद-फरोख्त करने की भनक लगने पर आयकर विभाग की बेनामी संपत्ति विंग ने जांच के बाद अभिषेक शुक्ला की करीब 10 करोड़ की संपत्तियों को कुर्क किया। 

जमीनों पर लगा दिए गए बोर्ड 

आयकर विभाग की बेनामी संपत्ति विंग ने करोड़ों की बेनामी संपत्तियों को कुर्क कराने के बाद उक्त जमीन पर अपने बोर्ड लगवा दिए। गांव के लोगों को भी इसकी जानकारी दी गई कि बेशकीमती जमीन को अब आयकर विभाग ने कुर्क कर दिया है। 

दूसरी संपत्ति बहरीन के दंपत्ति की

इसी तरह आयकर विभाग ने दूसरी बेनामी संपत्ति की कार्रवाई बहरीन में रहने वाले सूरज सिंह पटेल और उनकी पत्नी रीना सिंह पर की। यहां पर भी जांच में पता चला कि उन्होंने अपने ड्राइवर धर्मेंद्र के नाम पर करीब 55 लाख रुपये की जमीन खरीदी थी। विभाग की बेनामी संपत्ति विंग ने इनकी बेनामी संपत्ति को भी कुर्क कर दिया है। 

Back to top button