हेडलाइन

CM-मंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी मामला : CEO के खिलाफ कार्रवाई के लिए कमिश्नर को भेजी गयी अनुशंसा…तीन सदस्यीय जांच टीम हुई थी गठित, कलेक्टर ने NW न्यूज 24 से कहा….

कांकेर 5 सितंबर 2022। अंतागढ़ के जिला पंचायत सीईओ पीआर साहू पर गाज गिरनी तय है। तीन सदस्यीय जांच रिपोर्ट मिलने के बाद अब कार्रवाई की अनुशंसा कलेक्टर प्रियंका शुक्ला ने बस्तर कमिश्नर से कर दी है। कलेक्टर प्रियंका की तरफ से गठित जांच टीम ने सभी आरोपों को सही पाया है, जिसके बाद रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी गयी है। शनिवार को मिली जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने कार्रवाई की अनुशंसा की है। आपको बता दें कि कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की हड़ताल के दौरान हड़ताल स्थल पर मुख्यमंत्री और मंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी करते हुए अंतागढ़ जिला पंचायत CEO पीआर साहू का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। 29 अगस्त के इस वीडियो के आधार पर कलेक्टर प्रियंका शुक्ला ने CEO पीआर साहू को शो काज नोटिस जारी करने के साथ-साथ एक जांच टीम भी गठित कर दी थी। जांच टीम से भी तीन दिन में रिपोर्ट मांगी गयी थी।

वायरल वीडियो में सीईओ पीआर साहू मुख्यमंत्री, मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का उपयोग करते हुए अपना संबोधन दे रहे थे। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो कलेक्टर प्रियंका शुक्ला के पास पहुंचा, जिसके बाद कलेक्टर प्रियंका ने जनपद पंचायत सीईओ को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में जवाब तलब किया है।

वहीं कलेक्टर प्रियंका शुक्ला ने इस मामले में तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की है। इस मामले में ज्वाइंट कलेक्टर जीएस नाग, अंतागढ़ एसडीएम केएस पैकरा और ट्रेजरी आफिसर रामानंद कुजाम की तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गयी है। इस मामले में NW न्यूज 24 से बात करते हुए कलेक्टर प्रियंका शुक्ला ने कहा कि …

जांच टीम की रिपोर्ट शनिवार को ही आ गयी थी, रिपोर्ट के आधार पर मैंने अपनी अनुशंसा कमिश्नर को भेज दी है। इस मामले में अब कमिश्नर ही निर्णय लेंगे।

डॉ प्रियंका शुक्ला, कलेक्टर, कांकेर

Back to top button