हेडलाइन

कांग्रेस नेता की हत्या पर राजनीति गरमायी… कौशिक बोले- “कांग्रेस गौरव दिवस मना रही है और उनके नेताओं की हत्या हो रही” .. कांग्रेस बोली- वारदात का राजनीतिकरण ना करे

रायपुर 14 दिसंबर 2022।। बिलासपुर में कांग्रेस नेता की हत्या पर राजनीति भी गरम हो गयी है। भाजपा ने जहां इसे गुंडाराज बताया है, तो वहीं कांग्रेस ने भाजपा पर आपराधिक घटना का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने बिलासपुर में कांग्रेस नेता व जिला महासचिव संजू त्रिपाठी की हत्या की घोर निंदा करते हुए कहा है कि कांग्रेस गौरव दिवस मना रही है और उसके नेताओं की हत्या हो रही है। यह कैसा गौरव है? यह कांग्रेस का राज है या गुंडाराज है? वहीं प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि बिलासपुर में गोलीबारी हत्या की घटना निंदनीय अस्वीकार्य दोषियों पर कड़ी कार्यवाही होगी। भाजपा आपराधिक घटना पर राजनीति मत करें। मृतक कांग्रेस का पदाधिकारी नहीं था। सरकार ने पुलिस को अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने के निर्देश दिये है।

घटना को लेकर कौशिक ने कहा कि कांग्रेस नेता पर फिल्मी अंदाज में गोलियों की बौछार कर सरेआम हत्या कांग्रेस के जंगल राज का प्रमाण है। जिस प्रकार छत्तीसगढ़ में अपराधी बेखौफ होकर जघन्य अपराध कर रहे हैं। राह चलते गोलीबारी कर लोगों को उड़ाया जा रहा है, उससे स्पष्ट है कि यहां सरकार जैसी कोई संस्था रह ही नहीं गई है। सरकार के नाम पर एक ऐसा ढांचा खड़ा है, जिसमें चेतना, शक्ति और संवेदना नहीं है।
छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है और राज्य में गुंडाराज कायम हो गया है। सत्ताधारी पार्टी के पदाधिकारी को सरेआम गोली मारकर मौत के घाट उतार दिए जाने की हिम्मत अपराधी तत्व कर सकते हैं तो आम जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन दे सकता है। बिलासपुर में इसके पहले सराफा कारोबारी पर दुकान में घुसकर गोली चलाई गई। मुख्यमंत्री के क्षेत्र दुर्ग जिले के अमलेश्वर में सराफा कारोबारी पर दनादन गोलियां चला कर उसकी हत्या और लूट की गई। वारदात के वक्त मुख्यमंत्री उसी इलाके में अपना सम्मान कराकर गौरव प्राप्त कर रहे थे। क्या छत्तीसगढ़ में यही गौरव भूपेश बघेल सरकार मनाना चाहती है?

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि राजधानी से लेकर न्यायधानी तक जंगलराज चल रहा है। पूरे प्रदेश में लोगों की हत्या हो रही है।सामूहिक नरसंहार हो रहे हैं। बलात्कार हो रहे हैं। सामूहिक बलात्कार हो रहे हैं। अपहरण हो रहे हैं, लूट हो रही है, डाके डल रहे हैं और यहां तक कि सरकारी खजाने तक को लूटा जा रहा है।पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ को अपराधी तत्वों के हवाले कर दिया है। पूरे प्रदेश में कहीं भी कोई भी सुरक्षित नहीं है। छत्तीसगढ़ में कानून का राज नहीं, बल्कि माफियाओं का राज चल रहा है।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि सभ्य समाज में एक भी अपराधिक घटना अस्वीकार्य है। कांग्रेस सरकार अपराधों पर पूर्ण नियंत्रण के लिये काम कर रही है। भाजपा द्वारा घटना विशेष के आधार पर पूरे राज्य के कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करना गलत है। जब राज्य में भाजपा की सरकार थी तब की अपेक्षा राज्य में अपराधों में कमी आई है। राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के नागरिकों विशेष कर महिलाओं को भय मुक्त जीवन जीने का वातावरण देने को प्राथमिकता में रखा। यही कारण है कि राज्य में अपराधों और महिला अत्याचार की घटनाओं में कमी आयी। सरकार की कानून व्यवस्था के प्रति मुस्तैदी का ही परिणाम है कि राज्य में नक्सल जैसे घटनाओं में भी कमी आयी है।प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि वर्तमान सरकार में प्रशासनिक सक्रियता और प्रतिबंधात्मक कार्यवाही तेजी से बढ़ी है जिसके चलते ना केवल अपराधों में नियंत्रण हो रहा है, बल्कि अपराधी भी पकड़े जा रहे हैं। प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल ने पहले दिन ही स्पष्ट संदेश दिया कि कोई भी व्यक्ति संविधान और कानून से ऊपर नहीं है और अपनी कार्यवाहीयों से इस तथ्य को प्रमाणित भी किया है। कोई भी आरोपी, कोई भी अपराधी, कोई भी षड्यंत्रकारी कानून और संविधान के दायरे से बाहर नहीं है।

Back to top button