पॉलिटिकलहेडलाइन

रमन सिंह विधानसभा अध्यक्ष : दो उप मुख्यमंत्री बनने की भी चर्चा, 13 को साइंस कॉलेज ग्राउंड में होगा शपथ ग्रहण

रायपुर 10 दिसंबर 2023। नये मुख्यमंत्री का शपथ 13 दिसंबर को हो सकता है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के नामों के सस्पेंस खत्म होने के बाद अब मंत्रिमंडल और डिप्टी सीएम को लेकर कयास शुरू हो गया है। छत्तीसगढ़ में दो डिप्टी सीएम हो सकते हैं। खबर है कि एक सामान्य और एक ओबीसी वर्ग से डिप्टी सीएम हो सकता है। चर्चा है कि प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव कवर्धा से चुनाव जीतकर आये विजय शर्मा उप मुख्यमंत्री बन सकते हैं। दोनों ही नेता पहली बार विधायक बने हैं। विजय शर्मा जहां पहली बार चुनाव जीतकर निर्वाचित हुए हैं वहीं अरुण साव सांसद रह चुके हैं।

राज्यपाल ने सरकार बनाने का दिया न्योता

राज्यपाल श्री विश्वभूषण हरिचंदन को आज यहां राजभवन में छत्तीसगढ़ राज्य भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने वर्ष 2023 की छत्तीसगढ़ राज्य नव गठित विधानसभा के अपनेे नव निर्वाचित विधायकों की सर्वसम्मति से प्रदेश विधायक दल का नेता विष्णुदेव साय को चयनित किये जाने संबंधित पत्र सौंपा और नई सरकार बनाने के लिए अपना दावा प्रस्तुत किया। राज्यपाल हरिचंदन ने श्री विष्णुदेव साय को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत के संविधान की धारा 164 के तहत श्री विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री नियुक्त करने संबंधित पत्र प्रदान किया और केबिनेट गठन के लिए आमंत्रित किया।इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्वानंद सोनोवाल, मनसुख मांडविया, ओम माथुर सहित नवनिर्वाचित विधायक, पदाधिकारीगण एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित थे।

Back to top button