हेडलाइन

रमन सिंह की संपत्ति घटी: 5 साल में रमन सिंह की संपत्ति 30% घटी, चल-अचल संपत्ति दोनों हुए कम, पत्नी वीणा सिंह कैश व जेवरात के मामले में ज्यादा धनी, देखिये कितनी है संपत्ति

राजनांदगांव 16 अक्टूबर 2023। रमन सिंह की संपत्ति घट गयी है। मुख्यमंत्री रहते रमन सिंह की संपत्ति 10 करोड़ से पार थी, लेकिन अब वो घटकर 7 करोड़ ही रह गयी है।  पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने चुनाव आयोग को अपनी संपत्ति का ब्योरा सौंपा है।  उन्होंने जानकारी दी कि उनके पास 7 करोड़ 7 लाख 2 हजार 993 रुपये की संपत्ति है। राजनांदगांव से चौथी बार प्रत्याशी बने रमन सिंह ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने जो शपथ पत्र दिया है, उसके मुताबिक रमन सिंह के पास 7  करोड़ 7  लाख रुपये की कुल संपत्ति है। जिसमें से 4.15 करोड़ की अचल संपत्ति है, जबकि चल संपत्ति 2 करोड़ 92 लाख 2 हजार की है। वहीं उनकी पत्नी वीणा सिंह के पास 4 करोड़ 57 लाख 88 हजार 425 की कुल संपत्ति है। वीणा सिंह के पास अचल संपत्ति 1 करोड़ 21 लाख  रुपये की है। वहीं चल संपत्ति  3 करोड़ 36 लाख 88 हजार 425 रुपये हैं।

रमन सिंह ने संपत्ति की जो जानकारी सौंपी है, उसके मुताबिक रमन सिंह के पास 1 लाख 42 हजार रुपये हैं, वहीं उनकी पत्नी के पास कैश 5 लाख 59 हजार रुपये हैं। अलग-अलग बैंकों में 22 लाख 43 हजार 372 रुपये जमा है, वहीं पत्नी वीणा सिंह के नाम से अलग-अलग बैंकों में 43 लाख 51 हजार 839 रुपये जमा है।

जहां तक जेवहरात का सवाल है, तो रमन सिंह के सोना रत्न जड़ित 57 तोला जेवहरात है, जिसकी कीमत 50 लाख रुपये हैं, वहीं चांदी के भी 3 लाख रूपये के सामान है। वहीं पत्नी वीणा सिंह के पास 7.5 कैरेट हीरा है, जिसकी बाजार में कीमत 22 लाख 50 हजार है, वहीं सोने के 1.65 करोड़ के आभूषण और चांदी के 13 लाख के सामान हैं। रमन सिंह के पास एक पिस्टल भी है।

साल 2018 में 10 करोड़ से ज्यादा थी रमन सिंह की संपत्ति

साल 2018 में मुख्यमंत्री रहते रमन सिंह ने चुनाव आयोग को जो अपनी संपत्ति का ब्योरा सौंपा था, उसमें उन्होंने जानकारी दी थी कि उनके पास 6 करोड़ 41 लाख रुपये की अचल संपत्ति थी, जबकि 4 करोड़ 31 लाख 35 हजार की चल संपत्ति थी। यानि कुल संपत्ति 10 करोड़ से ज्यादा की थी।

Back to top button