हेडलाइन

महिला व्याख्याता का इस्तीफा : फर्जीवाड़े की शिकायत के बाद रायपुर की हिंदी व्याख्याता ने दिया रिजाइन….इस्तीफे में निजी कारणों का दिया हवाला….हुई थी शिकायत, विभागीय जांच…

रायपुर 3 अक्टूबर 2022। रायपुर में पदस्थ एक महिला व्याख्याता ने अपना इस्तीफा दे दिया है। 28 सितंबर को भेजे अपने इस्तीफे में महिला व्याख्याता ने इस्तीफे की वजह को निजी कारण बताया है। हालांकि इसके पीछे की वजह कुछ और निकलकर आ रही है। महिला व्याख्याता का नाम जहान्वी पांडेय बताया जा रहा है। रायपुर के तिल्दा ब्लाक के हाईस्कूल अल्दा में हिंदी की व्याख्याता जहान्वी पांडेय बतौर व्याख्याता LB पदस्थ थी।

28 सितंबर को उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा दिये जाने की पुष्टि शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने की है, हालांकि इस्तीफे की वजह को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी देने से अधिकारी बच रहे हैं। इस मामले में NW न्यूज 24 ने स्कूल के हाईस्कूल अल्दा के प्राचार्य से संपर्क किया, तो उन्होंने कहा कि ..

‘व्याख्याता जहान्वी पांडेय ने अपना इस्तीफा दे दिया है, मैं उसे लेकर अपने उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया हूं, इससे ज्यादा मैं आपको कुछ और जानकारी नहीं दे सकता’  

प्राचार्य, हाईस्कूल अल्दा

मिली जानकारी के मुताबिक हिंदी व्याख्याता जहान्वी पांडे पिछले 10 सालों से बतौर शिक्षिका स्कूल में पदस्थ थी। अचानक उनके इस्तीफे की खबर ने हर किसी को चौंका दिया है। जानकारी के मुताबिक 2013 में भर्ती हुई व्याख्याता के ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के सर्टिफिकेट में फर्जीवाड़े की शिकायत मिली थी, हालांकि अधिकारियों ने इस मामले में पुष्टि करने से इंकार कर दिया है। हालांकि 10 साल तक फर्जी सर्टिफिकेट के आधार नौकरी करते रहना भी विभाग की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है।

चल रही थी विभागीय जांच

सूत्रों के मुताबिक महिला व्याख्याता के खिलाफ कुछ जांच भी चल रही थी, साथ ही प्रमाण पत्र को लेकर भी शिकायत की गयी थी, जिसके बाद अब महिला व्याख्याता ने अपना इस्तीफा दे दिया है। हाईस्कूल के प्राचार्य को दिये इस्तीफे की सूचना बीईओ और डीईओ कार्यालय को भेज दी गयी है। इस संदर्भ में रायपुर DEO आर एल ठाकुर से भी संपर्क करने की कोशिश की गयी, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

Back to top button