राष्ट्रपति मुर्मू ने लॉन्च किया प्रजापिता ब्रह्माकुमारी की “ईयर ऑफ पॉजिटिव चेंज” थीम,CM भूपेश बोले….ऐसा लग रहा कोई अपने घर का आया
रायपुर 31 अगस्त 2023। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज गुरुवार से अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंच गई हैं। रायपुर एयर पोर्ट पर आत्मीय स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर के बाद श्रीमती मुर्मू ईश्वरीय प्रजापिता ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय के वार्षिकोत्सव में शामिल होने शांति सरोवर आश्रम पहुंची। राष्ट्रपति ने यहां पर विश्वविद्यालय के वार्षिकोत्सव “ईयर ऑफ पॉजिटिव चेंज” थीम की लॉन्चिंग की। कार्यक्रम की शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने उदबोधन में कहा कि ऐसा लगा कि मानो कोई अपना ही घर आया है। इसके बाद राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
राष्ट्रपति द्रौपती मुर्मू दोपहर में राजभवन में ब्रह्माकुमारी प्रजापिता की ओर से आयोजित भोज में शामिल होंगी। रायपुर में वे महंत घासीदास संग्रहालय भी जाएंगी और राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। इसके बाद दूसरे दिन शुक्रवार एक सितंबर की सुबह बिलासपुर में गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में आयोजित दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति शामिल होंगी। राष्ट्रपति द्रौपती मुर्मू के साथ उनकी बेटी इतिश्री भी साथ रहेंगी। इतिश्री पहली बार अपनी मां के साथ शैक्षणिक और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आ रही हैं। यह पहला मौका होगा जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ उनकी बेटी भी धार्मिक स्थल व विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह कार्यक्रम में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति द्रौपती मुर्मू अपनी बेटी इतिश्री के साथ एक सितंबर को राजभवन से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। फिर सेना के हेलीकाप्टर से बिलासपुर आएंगी। यहां पं. सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी के हेलीपेड में राज्यपाल हरिचंदन, सीएम बघेल, मेयर रामशण यादव, कुलपति प्रो. आलोक चक्रवाल, रजिस्ट्रार प्रो. मनीष श्रीवास्तव, कमिश्नर केडी कुंजाम, आईजी डॉ. आनंद छाबड़ा, कलेक्टर संजीव झा, एसपी संतोष कुमार सिंह उनकी अगुवाई करेंगे। पहले राष्ट्र्रपति रतनपुर स्थित महामाया मंदिर जाएंगी और पूजा अर्चना करने के बाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी की दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।