हेडलाइन

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल के काफिला को बस ने मारी टक्कर, दुर्घटना में फॉलो वाहन के 3 जवानों को आई गंभीर चोट, केंद्रीय मंत्री पहुंचे अस्पताल

मध्यप्रदेश 4 जनवरी 2023। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के दमोह दौरे के दौरान काफिला सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। बताया जा रहा हैं कि मंगलवार की देर शाम केंद्रीय मंत्री का कफिला बटियागढ़ से दमोह की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक बस ने काफिले के साथ चल रहे पुलिस के फॉलो वाहन को टक्कर मार दी। मामला नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र के कोपरा पुल के पास का है। दुर्घटना में 3 पुलिस जवानों को चोट आई हैं। घटना की जानकारी के बाद केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल घायल जवानों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे।

जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र दमोह के दौरे पर थे। इसी दौरान वो मंगलवार की शाम बटियागढ़ से दमोह जा रहे थे। उनके साथ पुलिस का फॉलो वाहन भी चल रहा था। प्रहलाद पटेल का काफिला नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र के चंपत पिपरिया गांव के पास पहुंचा ही था, उसी समय छतरपुर की ओर जा रही एक यात्री बस ने पीछे से पुलिस की फॉलो गाड़ी को टक्कर मार दी।

एक्सीडेंट में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही उसमें सवार तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना के बाद तुरंत मंत्री के काफिले को रोका गया और पुलिस को सूचना दी गई। वाहन में बैठे घायल पुलिसकर्मी एसआई एमपी सिंह, प्रधान आरक्षक देवी सिंह और वाहन चालक प्रधान आरक्षक यासीन खान को बाहर निकाला गया। सभी को जिला अस्पताल भर्ती किया है। वहीं घटना की जानकारी के बाद घायलों से मिलने के लिए केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल अस्पताल पहुंचे।

Back to top button