अध्यातम

क्यों मनाया जाता है Chhath Puja , क्या है इसका इतिहास ?

रायपुर 28 अक्टूबर 2022: छठ पूजा हिन्दू धर्म के लोगों के द्वारा मनाया जाने वाला बहुत बड़ा महापर्व है जिसे चार दिनों तक लगातार मनाया जाता है। छठ पर्व छठ पूजा, छठ, डाला छठ, छठी माई, छठ माई, षष्ठी सूर्य एवं षष्ठी के नाम से भी जाना जाता है। इस पर्व को प्रमुख रूप से भारत के बिहार, झारखंड एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में मनाया जाता है, वहीं बात की जाए अन्य देशों की तो ये पर्व नेपाल के तराई क्षेत्रों में भी मनाया जाता है। छठ पूजा सूर्य को समर्पित है।

पौराणिक मान्यता के अनुसार छठी माता भगवान सूर्य की बहन हैं। छठ पूजा का पर्व खासतौर पर बिहार में बड़ी ही धूम धाम से मनाया जाता है। बिहार के लोग इसे अपना सबसे बड़ा पर्व मानते हैं और एक तरह से ये पर्व उनकी संस्कृति बन गया है। वहीँ इस लेख छठ पूजा क्यों मनाई जाती है के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त करने के लिए आपको इसे पूरी तरह से पढ़ना होगा। तो फिर बिना देरी किये चलिए शुरू करते हैं छठ पूजा क्यों मनाते है।

देशभर में छठ पूजा का त्योहार 28 अक्टूबर, शुक्रवार से शुरू हो रहा है। भगवान सूर्य व छठी माता को समर्पित छठ पर्व हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाता है। यह पर्व चार दिन तक चलता है। इस साल ये 28 अक्टूबर से शुरू होकर 31 अक्टूबर तक चलेगा। छठ पूजा में संतान के स्वास्थ्य, सफलता व दीर्घायु के लिए पूरे 36 घंटे का निर्जला व्रत रखा जाता है। इस व्रत को महिलाओं के साथ पुरुष भी रखते हैं।

1:- सूर्य षष्टी व्रत आरम्भ 28 अक्टूबर शुक्रवार नहाय खाय।

2:- सूर्य षष्टी व्रत द्वितीय दिन (खरना) 29 अक्टूबर 2022  शनिवार

 3:-मुख्य व्रत 30 अक्टूबर दिन रविवार को। सूर्यास्त का समय 5:34 बजे।  इस दिन अस्तांचल गामी सूर्य देव को सायं कालीन अर्घ्य का समय 5:29 से 5:39 बजे तक दिया जाएगा।

4:- 31अक्टूबर को सूर्योदय 6:27 बजे। अतः प्रातः कालीन अर्घ्य सुबह 06:25  से 06:32 बजे एवं पारणा प्रसाद ग्रहण करके

माता सीता ने भी की थी सूर्यदेव की पूजा
छठ पूजा की परंपरा कैसे शुरू हुई, इस संदर्भ में कई कथाएं प्रचलित हैं। एक मान्यता के अनुसार, जब राम-सीता 14 साल के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे, तब रावण वध के पाप से मुक्त होने के लिए उन्होंने ऋषि-मुनियों के आदेश पर राजसूर्य यज्ञ करने का फैसला लिया। पूजा के लिए उन्होंने मुग्दल ऋषि को आमंत्रित किया। मुग्दल ऋषि ने मां सीता पर गंगाजल छिड़ककर पवित्र किया और कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को सूर्यदेव की उपासना करने का आदेश दिया। इससे सीता ने मुग्दल ऋषि के आश्रम में रहकर छह दिनों तक सूर्यदेव भगवान की पूजा की थी। सप्तमी को सूर्योदय के समय फिर से अनुष्ठान कर सूर्यदेव से आशीर्वाद प्राप्त किया था।

महाभारत काल से हुई थी छठ पर्व की शुरुआत
हिंदू मान्यता के मुताबिक, कथा प्रचलित है कि छठ पर्व की शुरुआत महाभारत काल से हुई थी। इस पर्व को सबसे पहले सूर्यपुत्र कर्ण ने सूर्य की पूजा करके शुरू किया था। कहा जाता है कि कर्ण भगवान सूर्य के परम भक्त थे और वो रोज घंटों तक पानी में खड़े होकर उन्हें अर्घ्य देते थे। सूर्य की कृपा से ही वह महान योद्धा बने। आज भी छठ में अर्घ्य दान की यही परंपरा प्रचलित है।

द्रोपदी में भी रखा था छठ व्रत
छठ पर्व के बारे में एक कथा और भी है। इस किवदंती के मुताबिक, जब पांडव सारा राजपाठ जुए में हार गए, तब द्रोपदी ने छठ व्रत रखा था। इस व्रत से उनकी मनोकामना पूरी हुई थी और पांडवों को सब कुछ वापस मिल गया। लोक परंपरा के अनुसार, सूर्य देव और छठी मईया का संबंध भाई-बहन का है। इसलिए छठ के मौके पर सूर्य की आराधना फलदायी मानी गई।

क्या है छठ का पौराणिक महत्व
इन कथाओं के अलावा एक और किवदंती भी प्रचलित है। पुराणों के अनुसार, प्रियव्रत नामक एक राजा की कोई संतान नहीं थी। इसके लिए उसने हर जतन कर कर डाले, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। तब उस राजा को संतान प्राप्ति के लिए महर्षि कश्यप ने उसे पुत्रयेष्टि यज्ञ करने का परामर्श दिया। यज्ञ के बाद महारानी ने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन वह मरा पैदा हुआ। राजा के मृत बच्चे की सूचना से पूरे नगर में शोक छा गया। कहा जाता है कि जब राजा मृत बच्चे को दफनाने की तैयारी कर रहे थे, तभी आसमान से एक ज्योतिर्मय विमान धरती पर उतरा। इसमें बैठी देवी ने कहा, ‘मैं षष्ठी देवी और विश्व के समस्त बालकों की रक्षिका हूं।’ इतना कहकर देवी ने शिशु के मृत शरीर को स्पर्श किया, जिससे वह जीवित हो उठा। इसके बाद से ही राजा ने अपने राज्य में यह त्योहार मनाने की घोषणा कर दी।

Back to top button