टॉप स्टोरीज़

पत्नी ने किया सुसाइड, बेरहम पति फांसी लगाने का बनाता रहा वीडियो….वीडियो हुआ वायरल….

कानपुर 26 अक्टूबर 2022: उत्तर प्रदेश के कानपुर से पति के कारनामे का दिल दहला देने वाला हैरतअंगेज मामला सामने आया है। कानपुर के एक पति के कारनामे की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है। यहां पत्नी पंखे से लटक कर फांसी लगाने की कोशिश करती रही और पति उसको बचाने की जगह वीडियो बनाता रहा। पहले पत्नी प्रयास करती रही, फिर दूसरी बार में उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

कानपुर में एक महिला ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि जब महिला फंदा गले में डाल रही थी, तब पति उसी कमरे में था। वह मोबाइल से वीडियो बना रहा था। पति ने इस वीडियो को पत्नी के घर वालों को भेज दिया। वीडियो देखकर महिला के परिजन दौड़ते-भागते घर पहुंचे। वहां वो बेड पर बेसुध हालत में पड़ी मिली। परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना 25 अक्टूबर की रात यानी दिवाली के अगले दिन की है। कानपुर में नौबस्ता के गुलमोहर विहार में संजीव गुप्ता पत्नी शोभिता के साथ रहते थे। पति की मौजूदगी में ही शोभिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। घर में ससुर सुशील गुप्ता, सास, जेठ शिवम व जेठानी भी रहती हैं। महिला के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए मजबूर करने की पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ कर रही है।

आपको बता दें कि किदवई नगर के रहने वाले राजकिशोर गुप्ता ने चार साल पहले अपनी बेटी शोबिता की शादी गुलमोहर इलाके में रहने वाले संजीव गुप्ता के साथ की थी। मंगलवार की दोपहर उनके दामाद संजीव ने ही उन्हें फोन कर बेटी के फांसी लगाने की सूचना दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो बेटी का शव बेड पर पड़ा था। जब उन्होंने बेटी की मौत के बारे में पूछा तो उनके दामाद ने पूरी बेशर्मी के साथ वह वीडियो दिखाया। इसमें उनकी बेटी फांसी लगा रही है।

मृतका के परिजनों ने घटना की सूचना हनुमंत बिहार पुलिस को दी। जहां पुलिस ने बॉडी का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है। लड़की के पिता का आरोप है कि जब वह घर पहुंचे तो बेटी की बॉडी बिस्तर पर पड़ी हुई थी और उसका पति पंपिंग कर रहा था। वह खुद उसको अस्पताल नहीं ले गया। पिता ने बताया कि मृतका को वही लोग अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शोभिता के परिजनों ने बताया कि 25 अक्टूबर की 12.48 बजे संजीव ने फांसी लगाते हुए वीडियो भेजा था। इसके बाद जब हम लोग पहुंच रहे थे, तभी एक घंटे बाद उसने शोभिता के फांसी लगाकर सुसाइड करने की खबर दी।

आरोपी पति बोला- हरकतें दिखाने के लिए बनाया वीडियो
पुलिस ने आरोपी पति संजीव गुप्ता को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान संजीव ने बताया कि 25 अक्टूबर को पत्नी शोभिता से उसका झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह फांसी लगाने की बात कहकर पंखे में फंदा बना रही थी, तो उसका वीडियो बनाकर मायके वालों को भेज दिया। इस दौरान उसने फांसी नहीं लगाई और उतर आई।

पति ने पुलिस को बताया कि ससुराल वालों को वीडियो भेजते हुए कहा कि अपनी बेटी की हरकतें देख लो। संजीव ने यह भी कहा कि उसी दिन थोड़ी देर बाद फिर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद शोभिता ने कमरे में फांसी लगा ली। पति ने पुलिस को यह भी बताया कि उसे लग रहा था कि वह पत्नी फांसी लगाने की धमकी या फिर नाटक कर रही है। हालांकि, कुछ देर में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि घरेलू विवाद के बाद महिला ने सुसाइड किया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। कमरे की फॉरेंसिक जांच कराई गई है। परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Back to top button