हेडलाइन

कांग्रेस में हार के बाद हाहाकार: बागी विधायकों का दिल्ली कूच, निष्कासन व पार्टी नेताओं की राष्ट्रीय अध्यक्ष से करेंगे शिकायत

रायपुर 15 दिसंबर 2023। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की आपसी खींचतान अब दिल्ली पहुंच गयी है। कांग्रेस के निष्कासित विधायक विनय जायसवाल सहित प्रदेश के कुल 8 पूर्व विधायक दिल्ली रवाना हो रहे हैं। चुनाव में हार और प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की शिकायत राष्ट्रीय अध्यक्ष से करने की तैयारी है। जानकारी के मुताबिक इससे पहले कुछ विधायक सुबह ही दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलने के लिए मिले समय के आश्वासन के बाद सभी दिल्ली रवाना हो रहे हैं।

आपको बता दें कि कल ही प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व पर सवाल उठाने वाले दो पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह और विनय जायसवाल को पार्टी ने छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। दोनों ने हार के लिए टीएस सिंहदेव और शीर्ष नेतृत्व पर सवाल खड़े किये थे। विनय जायसवाल ने तो पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी चंदन यादव पर पैसे लेने का आरोप लगाया था। वहीं बृहस्पत सिंह ने कुमारी सैलजा पर ही सवाल खड़े किये थे। पार्टी ने दोनों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था, जिसके बाद पार्टी ने दोनों को गुरुवार को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया।

अब पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी संगठन के निशाने पर हैं। जयसिंह अग्रवाल को भी पार्टी ने नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। जयसिंह अग्रवाल ने भी पार्टी के मुखिया पर सवाल खड़ा किया था। साथ ही कोरबा में चुन-चुन कर भ्रष्ट आईपीएस और आईएएस अफसरों की पोस्टिंग का आरोप लगाया था। जिसके कारण उन्हे हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में अब नोटिस जारी होने के बाद पार्टी को जयसिंह अग्रवाल के जवाब का इंतजार कर रही है, माना जा रहा है कि जवाब आने के बाद पार्टी इस मामले में भी एक्शन ले सकती है।

Back to top button