क्राइम

CG NEWS : पूर्व सरपंच को माओवादियों ने घर में घुसकर मारी गोली, मुखबिर होने के शक में दिया घटना को अंजाम….

कांकेर 9 अक्टूबर 2022। नक्सल प्रभावित कांकेर जिला में माओवादियों ने एक बार फिर दहशत फैलाने की कोशिश की है। यहां पुलिस मुखबिर के शक में पूर्व सरपंच को माओवादियों ने दिनदहाड़े गोली मार दी। घटना के बाद घायल पूर्व सरपंच को अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही हैं।

पूरा घटनाक्रम कांकेर जिला के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र का हैं। जानकारी के मुताबिक जिले के चारगांव में पूर्व सरपंच सियाराम रामटेके का परिवार निवास करता है। बताया जा रहा है कि, रविवार की सुबह 5 से 7 की संख्या में माओवादी पूर्व सरपंच सियाराम के घर में घुसे गये और पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उस पर गोलियां दाग दी। न्क्सलियों ने जिस समय वारदात को अंजाम दिया उस समय पूर्व सरपंच के परिवार के सदस्य घर पर ही थे।

गोली मारने के बाद माओवादी जंगल की तरफ भाग निकले। उधर गांव में गोली चलने की आवाज आने के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों ने इस मामले की जानकारी गांव के अन्य ग्रामीणों और पुलिस को दी। घायल सियाराम को आनन फानन में अस्पताल ले जाने एंबुलेंस बुलाया गया। मौके पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मी पूर्व सरपंच को जिला अस्पताल लेकर गए जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस इस घटना की जानकारी के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर घटना के कारणों की जांच कर रही हैं।

Back to top button