क्राइम

दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या: बंद पड़े हुक्काबार में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 युवकों को लगी गोली एक की मौत…

नई दिल्ली 6 मई 2023। देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर गोलीकांड से सहम गया। बताया जा रहा हैं कि शनिवार को दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में बंद पड़े हुक्का बार में कुछ युवकों के बीच झड़प होने के बाद दिनदहाड़े गोलीबारी की वारदात सामने आई है। इस घटना में दो युवकों को गोली लगी, जिसमें एक 17 साल के युवक के सिर पर गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दूसरे युवक के पैर में गोली लगी हैं।

दिल्ली में हुए इस गोलीकांड के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे के आस-पास फोन कॉल पीसीआर के माध्यम से उन्हें इलाके में गोलीबारी की जानकारी मिली। पुलिस को मिली सूचना में बताया गया कि 7-8 लड़कों ने एक हुक्काबार में ताबड़तोड़ फायरिंग की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत वारदात वाली जगह पर पहुंच गई। पुलिस ने पाया कि जहां पर गोलीबारी हुई थी। वहां की फर्श पर खून के धब्बे बिखरे हुए थे। आपसी लड़ाई-झगड़े में कुछ सामान भी बिखरा हुआ था।

बताया जा रहा है कि जहां पर गोलीबारी हुई है, वह हुक्काबार पिछले महीने की एक अप्रैल को बंद कर दिया गया था।पुलिस ने बताया कि बंद पड़े हुक्काबार में गोलीबारी की घटना सुन आस-पास के लोगों ने जाकर मौके पर देखा, तो एक लड़का जमीन पर घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों ने उसे एम्स ले जाकर भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की जांच में पता चला कि जिस 17 वर्षीय लड़के की गोली लगने से जान गई है, उसका नाम कुणाल है। बदमाशों ने उसके सिर पर गोली मारी थी।

इसके साथ ही दूसरे लड़के के पैर में गोली मारी गई है, उसका नाम राहुल है।पुलिस को शक है कि यह वारदात आपसी रंजिश को लेकर अंजाम दिया गया हैं। इस वारदात में लोकल लड़के ही शामिल हैं। उन्होंने ही बंद पड़े हुक्काबार में 17 वर्षीय कुणाल को बुलाकर उस पर इस तरह का हमला किया है। इसके साथ ही पुलिस ने कहा कि वह इस पूरे मामले की और अधिक जांच कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना हैं कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Back to top button