मनोरंजन

मशहूर कामेडियन सुनील ग्रोवर को हार्ट में ब्लाकेज, मुंबई में हुई हार्ट की सर्जरी, फैंस ने जल्द स्वस्थ होने की कर रहे दुआ…..

 

मुबंई 2 फरवरी 2022- कहते हैं हंसने से दिल की सेहत अच्छी रहती है, लेकिन अपनी कॉमेडी से सबको गुदगुदाने और हंसाते वाले कॉमेडियन सुनील ग्रोवर खुद दिल की बीमारी से ग्रसित हो गये है। हार्ट में ब्लाकेज आने के कारण उनके हार्ट की सर्जरी की गयी है। पिछले हफ्ते ही सुनील को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था और उसी के बाद 27 जनवरी के दिन उनकी हार्ट सर्जरी हुई। हालांकि अब सुनील खतरे से बाहर हैं और पहले से बेहतर भी हैं पर ये बेहद चिंताजनक है कि इतनी कम उम्र में उन्हें दिल की दिक्कतें शुरू हो गई हैं।

44 वर्षीय सुनील ग्रोवर को उनके चुलबुले अंदाज और अदायगी के लिए जाना जाता है। वे अपनी कॉमेडी के चलते लोगों को हंसाने के लिए मशहूर हैं, उन्हें कपिल शर्मा के शो कॉमेडी नाइट्स विद कपिल से शोहरत मिली जिसके बाद उनका हर एक किरदार चाहे वो गुत्थी का हो या डॉक्टर गुलाटी का घर-घर में पहचाना जाता है, इसमें कोई दोराय नहीं कि उनकी हार्ट सर्जरी की खबर से फैंस भी इस उधेड़बुन में हैं कि आखिर सुनील को इतनी बड़ी दिल की दिक्कत कैसे हो गई।

कॉमेडियन सुनील ग्रोवर को दिल की बीमारी के चलते मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया है। सुनील की हार्ट सर्जरी हुई है। अब उनकी तबियत बेहतर बताई जा रही है। हॉस्पिटल अथॉरिटीज ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि सुनील अस्पताल में भर्ती हैं और अब सुनील की हालत ठीक है और स्वास्थ में लगातार सुधार है।
बताया जा रहा है कि सुनील को उनके हार्ट में ब्लॉकेज का पता चला था और उनकी सर्जरी होनी थी। सूत्रों ने खुलासा किया है कि सर्जरी के लिए जाने से पहले वो अपनी अप कमिंग वेब सीरीज के लिए शूट कर रहे थे।

उन्होंने अपनी खराब तबियत के बावजूद पुणे में अपनी आने वाली वेब सीरीज की शूटिंग पूरी की। शूट खत्म करने के बाद सुनील ने एकदम प्रोफेशनल तरीके से बिना किसी शोर शराबे के ट्रीटमेंट के लिए निकल गए। सुनील की हार्ट सर्जरी की खबर सामने आते ही उनके फैन्स उनकी लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना कर रहे हैं।

Back to top button