टॉप स्टोरीज़हेडलाइन

भारत बना दुनिया में सबसे ज्यादा आबादी वाला देश, चीन को छोड़ा पीछे…..पूरी दुनिया की जमीन का सिर्फ 2 फीसदी हिस्सा, जनसंख्या में 18 फीसदी की भागेदारी….

नई दिल्ली 19 अप्रैल 2023: भारत दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले देश चीन को पीछे छोड़ते हुए सबसे बढ़ी मानव आबादी वाला देश बन गया है। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक, भारत की आबादी बढ़कर 142.86 करोड़ पहुंच गई है। संयुक्त राष्ट्र के विश्व जनसंख्या ‘डैशबोर्ड’ (मंच) के मुताबिक, चीन की आबादी 142.57 करोड़ है, जबकि अब भारत 142 करोड़ 86 लाख जनसंख्या के साथ दुनिया का सबसे बड़ी आबादी वाला देश बन चुका है। वहीं तीसरे नंबर पर सबसे ज्यादा आबादी वाले देश अमेरिका की कुल आबादी अब 34 करोड़ हो गई है।

इस रिपोर्ट में बताया गया कि भारत की कुल प्रजनन दर 2.0 है। यहां एक एक भारतीय पुरुष के लिए औसत जीवन 71 साल है महिलाओं का 74 साल है। ये रिपोर्ट 1978 से प्रकाशित हो रही है. UNFPA इंडिया के प्रतिनिध ने कहा कि अब दुनिया की आबादी 8 अरब हो गई है। UNFPA की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की 25% आबादी 0-14 आयु वर्ग में है, यहां 10-19 साल तक की आयु के लोग 18% हैं, 10-24 साल तक के लोग 26% हैं, 15-64 साल तक के लोग 68% और 65 से ऊपर के लोग 7% हैं।

आबादी के मुताबिक क्षेत्रफल की बात करें तो भारत के पास पूरी दुनिया की जमीन का सिर्फ 2 फीसदी हिस्सा है जबकि चीन के पास 6.3 फीसदी हिस्सा है। जबकि दुनिया की कुल आबादी के 18 फीसदी लोग भारत में रहते हैं और लगभग 18 फीसदी लोग चीन में रहते हैं।

यूएन रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने तरक्की की कई इबारत लिखी है। इसने शिक्षा, सार्वजनिक स्वास्थ्य और स्वच्छता, आर्थिक विकास के साथ-साथ तकनीक में प्रगति की है। लेकिन भारत को अपनी युवा शक्ति का फायदा उठाने के लिए नौकरियों और काम के अवसर बढ़ाने होंगे और महिलाओं को बराबर के मौके देने होंगे। दुनिया में औसतन 106 लड़कों पर 100 लड़कियां पैदा होती हैं, लेकिन 12 देशों में ये अंतर औसत से ज्यादा है, और इन्हीं देशों में भारत भी शामिल है।

Back to top button