शिक्षक/कर्मचारी

शिक्षक हड़ताल : प्रदेश भर के शिक्षकों बुढ़ा तालाब धरनास्थल आने का फेडरेशन ने किया आह्वान, मनीष बोले- तूता में प्रदर्शनकारियों के लिए कोई व्यवस्था नहीं

रायपुर 12 अगस्त 2023। शिक्षकों की अनिश्चतकालीन हड़ताल चल रही है। 10 अगस्त से 12 अगस्त तक ब्लाक स्तर पर प्रदर्शन के बाद 13 अगस्त को प्रदेश भर से शिक्षक राजधानी कूच कर रहे हैं। अनिश्चतकालीन हड़ताल के लिए जिला प्रशासन ने शिक्षकों को तूता धरनास्थल पर अनुमति दी है। हालांकि धरनास्थल पर महिलाओं के लिए किसी तरह की सुविधा नहीं होने से प्रदर्शनकारियों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। इधर फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने तमाम शिक्षकों से आह्वान किया है कि वो हड़ताल में शामिल हों।

पहले काली पट्टी बांधकर चुनाव कार्य करने को सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन की तरफ से आह्वान किया गया था। लेकिन शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने अह्वान किया कि चुनाव कार्य में बीएलओ और अन्य जिम्मेदारी निभा रहे शिक्षक भी इस अनिश्चतकालीन हड़ताल में शरीक हों। मनीष मिश्रा ने कहा है कि अगर इस मामले में शिक्षकों पर कोई कार्रवाई होती है, फेडरेशन उन शिक्षकों का साथ देगा।

वहीं फेडरेशन ने ये भी आह्वान किया है कि धरनास्थल के तौर पर तूता में जो स्थान दिया गया है, वहां सुविधाएं बढ़ायी जाये। महिला शिक्षकों को धरनास्थल पर काफी परेशानी हो रही है। महिलाओं के लिए शौच तक की व्यवस्था नहीं है। मनीष मिश्रा ने कहा कि महिलाओं का लगातार फोन आ रहा है कि तुता धरना स्थल में व्यवस्था नहीं है, क्योंकि संगठन में अधिकतम संख्या में महिला शिक्षक कार्यरत है और उनकी संख्या आंदोलन में बहुत ज्यादा होती है। जिसके कारण से छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन प्रदेश अध्यक्ष मनीष मिश्रा द्वारा समस्त एक लाख 80 हजार शिक्षक संवर्ग साथियों को बुढ़ा तालाब धरना स्थल में आंदोलन के लिए आहूत किया गया है।

Back to top button