स्पोर्ट्स

आज बड़ा फैसला लेने वाले हैं टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी….सोशल मीडिया पर किया एलान

रांची 25 सितंबर 2022 : भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी आज एक बड़ा फैसला लेने वाले हैं। इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी कर रहे धोनी ने सोशल मीडिया पर खुद बताया कि वह आज दोपहर दो बजे फेसबुक लाइव पर एक मज़ेदार खबर देने वाले हैं।

टीम इंडिया के पूर्व वर्ल्ड कप विजेता कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आमतौर पर निजी जीवन ही जीना पसंद करते हैं। धोनी कभी भी ज्यादा लाइमलाइट में नहीं रहते हैं। वह हमेशा खुद को सोशल मीडिया और पब्लिक लाइफ से दूर रखते हैं और सार्वजनिक रूप से तभी नजर आते हैं जब फैंस उन्हें क्लिक करने में कामयाब हो जाते हैं। धोनी अब हालांकि सोशल मीडिया पर अपनी चुप्पी तोड़ने वाले हैं।

धाेनी ने बताया है कि वह 25 सितंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव आने वाले हैं, जहां वो फैंस के साथ कुछ शानदार न्यूज शेयर करेंगे। उन्होंने बताया है कि वह रविवार दोपहर दो बजे लाइव आएंगे। हालांकि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि वह क्या ऐलान करने वाले हैं। सोशल मीडिया पर धोनी की बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है और हजारों यूजर्स उनके लाइव आने का इंतजार करते रहते हैं।

महेंद्र सिंह धोनी को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिए 2 साल से अधिक का वक्त हो गया है. हालांकि, वह अभी आईपीएल में नज़र आते हैं लेकिन माना जा रहा है कि आईपीएल 2023 उनका आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है। ऐसे में फैन्स को डर है कि कहीं एमएस धोनी रिटायरमेंट से जुड़ा कोई ऐलान तो नहीं करने वाले हैं।

महेंद्र सिंह धोनी ने अपने फेसबुक पेज पर 24 सितंबर को एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि 25 सितंबर दोपहर 2 बजे मैं आप सभी के साथ एक खास खबर साझा करूंगा। आप सभी को वहां पर देखने की उम्मीद है।

एमएस धोनी ने 15 अगस्त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था। धोनी ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला 2019 के वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। 41 साल के एमएस धोनी ने 350 वनडे, 98 टी20 इंटरनेशनल और 90 टेस्ट मैच खेलकर 17266 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 108 अर्धशतक और 16 शतक लगाए। धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया तीन आईसीसी खिताब जीतने में सफल रही थी।

Back to top button