हेडलाइन

पति से झगड़ा कर देर रात महिला निकल गयी घर से, फिर मिली मोबाइल और लाश, क्या है पूरा मामला

भिलाई 26 अगस्त 2023। पति से विवाद के बाद एक महिला ने सेक्टर-7 तालाब में कूदकर आत्महत्या कर ली। सुबह टहलने गए लोगों ने तालाब में महिला की लाश उतराती देखकर पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद भिलाई नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को बाहर निकाला। महिला के दो बच्चे भी हैं। भिलाई नगर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। शुक्रवार देर रात को भिलाई सेक्टर-6 बी मार्केट निवासी मनीष सिंह का पत्नी प्रीति सिंह (38) से किसी बात को लेकर काफी झगड़ा हो गया। प्रीति गुस्से में आकर घर से बाहर चली गई। मनीष को लगा कि वो छत पर गुस्से में गई होगी थोड़ी देर में आ जाएगी। इसके बाद उसने उसे फोन किया तो उसने फोन भी नहीं उठाया तो वो उसे खोजने के लिए निकला। रात भर तलाश करने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। वो लगातार प्रीति के मोबाइल पर फोन करता रहा।

सुबह मार्निंग वाक पर गये लोगों ने सेक्टर-7 तालाब के पास प्रीति का मोबाइल और महिला की लाश देखी। उसी समय उस मोबाइल पर फोन आने पर उस व्यक्ति ने मनीष सिंह को बताया कि यह मोबाइल सेक्टर-7 तालाब के पास पड़ी मिली है और तालाब में एक महिला की लाश है। इसके बाद मनीष सिंह अपने परिवार वालों के साथ फौरन सेक्टर-7 तालाब पहुंचा तो वहां पर उसकी पत्नी की लाश मिली। इसके बाद भिलाई नगर पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस ने लाश को बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भिजवाया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही मृतका की मां की मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद से वो काफी ज्यादा दुखी और उदास रहने लगी थी। छोटे- छोटे बात पर वो नाराज हो जाया करती थी।

Back to top button