बिग ब्रेकिंग

ब्रेकिंग: मुख्यमंत्री अब लखनऊ नहीं दिल्ली जाएंगे….एयरपोर्ट पर लैंडिंग की इजाजत नहीं मिलने पर बदला शेड्यूल… पढ़िये कैसे-कैसे बदला CM का कार्यक्रम

रायपुर 4 अक्टूबर 2021। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अब लखनऊ नहीं दिल्ली जाएंगे। लखनऊ एयरपोर्ट पर प्लेन लैंड करने की इजाजत नहीं मिलने के बाद मुख्यमंत्री का शेड्यूल बदला गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अब सुबह 11 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट के लिए रवाना होने के बजाय 11.30 बजे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

11.30 बजे वो रवाना होकर 1.15 बजे दिल्ली पहुंचेंगे, वहां से छत्तीसगढ़ सदन रवाना होने के बाद का कार्यक्रम रिजर्व रखा गया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कल ही लखीमपुर में 8 लोगों की हुई मौत के बाद मौके पर जाने का ऐलान किया था। सबसे पहले उनका कार्यक्रम सुबह 9 बजे लखनऊ के लिये रवाना होने का था, जहां से वो कार के जरिये लखीमपुर जाने वाले थे। लेकिन ACS अवनीश अवस्थी ने लखनऊ एयरपोर्ट को पत्र लिखकर कहा कि वो CM भूपेश के प्लेन को लखनऊ एअरपोर्ट पर उतरने की इजाजत ना दे। उसके बाद CM सचिवालय ने बदले हुए शेड्यूल के साथ कार्यक्रम भेजा। कार्यक्रम में लखीमपुर का दौरा शामिल नहीं था और लखनऊ में ही रहने की बात थी, लेकिन उस कार्यक्रम को भी इजाजत नहीं दी गयी।

जिसके बाद मुख्यमंत्री का नया कार्यक्रम दिल्ली जाने का बना है। हालांकि अभी तक ये तय नहीं है कि वो दिल्ली से लखनऊ जाने की कोशिश करेंगे या फिर दिल्ली में आगे की रणनीति तय करेंगे।

आपको बता दें कि कल यूपी के लखीमपुर में हुई हिंसा में 8 लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में पत्रकार, बीजेपी कार्यकर्ता, ड्राइवर और 4 किसान शामिल थे। आरोप है कि केंद्रीय मंत्री में बेटे ने विरोध कर रहे किसानों पर गाड़ी चढ़ाई, जिसके बाद बवाल बढ़ गया और फिर हिंसा और आगजनी शुरू हो गयी।

इस हिंसा के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव सहित कई पार्टी के नेता लखीमपुर जाने वाले थे, लेकिन किसी को भी इजाजत नहीं दी गयी। लखीमपुर में फिलहाल धारा 144 लागू है।

Back to top button