क्राइम

CG: माओवादियों ने अपने ही साथी को उतारा मौत के घाट,महिला नक्सली पर रखता था बुरी नजर,जन अदालत लगाकर दे दी मौत की सजा

कांकेर 21 जून 2023। नक्सल प्रभावित कांकेर जिला के धुर नक्सल गढ़ में माओवादियों ने अपने एक साथी की हत्या कर दी हैं। बताया जा रहा हैं कि मृतक माओवादी अपनी ही महिला साथी पर बुरी नजर रखता था। जिसकी शिकायत होने पर माओवादियों ने जन अदालत लगाकर सबके सामने अपने साथी को मौत की सजा सुनाकर उसकी हत्या कर लाश को जंगल में फेंक दिया। घटनास्थल से एक पर्चा भी मिला हैं, जिसमें माओवादियों ने मृतक साथी की गंदी नियत के कारण उसकी हत्या की बात लिखी हैं।

माओवादियों के बीच हुआ ये हत्याकांड का मामला कांकेर जिला के धुर नक्सल प्रभावित कोयली बेड़ा एरिया का हैं। जहां 5 लाख रूपये के इनामी माओवादी मानू दुग्गा की लहुलूहान लाश पुलिस ने जंगल से बरामद की हैं। बताया जा रहा हैं कि मानू दुग्गा नक्सलियों की पीएलजीए बटालियन 17 का सदस्य था। जिस पर 5 लाख रुपए का इनाम भी घोषित था। मौजूदा वक्त में मानू दुग्गा किसकेडो एरिया कमेटी का सदस्य था। उसके ऊपर कई नक्सली वारदातों में शामिल रहने के आरोप हैं। लेकिन उसकी आदत अच्छी नहीं थी और वो महिला नक्सलियों पर गलत नीयत रखता था।

नक्सलियों की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि संगठन की महिलाओं ने मानू की शिकायत कई बार की थी। जिसके बाद उसे समझाइश भी दी गई थी, लेकिन वो अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। संगठन की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करता था, साथ ही उनसे अश्लील बातें और हरकतें करता रहता था। क्सलियों ने कहा है कि जब मानू दुग्गा को कई बार समझाने के बाद भी वह अपनी आदतों को नहीं बदला, तो फिर जन अदालत लगाकर उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद शव को नक्सलियों ने कोयलीबेड़ा के पास जंगल में फेंक दिया था। शव के पास से पुलिस ने पर्चा भी बरामद किया है। इस पर्चे में नक्सलियों ने उसकी हत्या के कारणों को लिखा है। इधर एसपी दिव्यांग पटेल ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मानू दुग्गा पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Back to top button