क्राइम

CG: राजधानी में पुलिस जवान की सरेराह पिटाई, विवाह कार्यक्रम से लौटते वक्त युवकों ने विवाद करने के बाद बेल्ट से पीटा

रायपुर 29 नवंबर 2023। राजधानी रायपुर में गुंडे-बदमाशों के आतंक से अब पुलिस भी असुरक्षित है। विवाह समारोह से लौट रहे एक पुलिस जवान के साथ बदमाशों ने पहले तो विवाद किया और फिर सरेराह बेल्ट से उसकी पिटाई कर फरार हो गये। पीड़ित पुलिस कांस्टेबल ने घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज करायी है। जिसके बाद पुलिस अब मारपीट करने वाले बदमाशों की पहचान कर उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।

पुलिस जवान के साथ मारपीट का ये मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक मिथलेश कुमार पटेल टिकरापारा थाना में कांस्टेबल के पद पर पदस्थ है। पीड़ित कांस्टेबल ने बताया कि वह मंगलवार की रात विवाह समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहा था। रास्ते में उसने भाटागांव में दीवान अस्पताल के पास अपनी कार रोकी थी। उसी जगह पर 3-4 युवक नशे की हालत में खड़े थे। पुलिस कांस्टेबल के कार रोकने को लेकर बदमाशों ने विवाद करना शुरू कर दिया।

कांस्टेबल मिथलेश द्वारा युवको का समझाईश देने का प्रयास किया गया। इतने में आरोपियों ने बेल्ट से उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। मारपीट की इस घटना में पुलिस जवान के सिर और नाक में चोटें आई है। पीड़ित कांस्टेबल की शिकायत परु पुरानी बस्ती पुलिस ने घटना पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि मारपीट की इस वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान की गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Back to top button