स्पोर्ट्स

नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर रचा इतिहास,….89.08 मीटर के थ्रो के साथ नीरज चोपड़ा ने जीती डायमंड लीग, खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने…

नई दिल्ली 27 अगस्त 2022 : ओलंपिक चैंपियन और भारत के स्टार जैवलिन प्लेयर नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। नीरज चोपड़ा लुसाने डायमंड लीग 2022 जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। नीरज चोपड़ा ने 89.08 मीटर के अपने पहले थ्रो के साथ लुसाने डायमंड लीग जीती है।

भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने चोट से उबरने के बाद धमाकेदार वापसी की है। नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को 89.08 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ लुसाने डायमंड लीग मीट का टाइटल जीत लिया है। नीरज यह डायमंड लीग मीट के लुसाने चरण का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन गए। इस खिताबी जीत के साथ ही नीरज ने सात एवं आठ सितंबर को ज्यूरिख में होने वाले डायमंड लीग के फाइनल्स में भी जगह बना ली है।

हाल ही में नीरज ने पिछले महीने विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक दिलाया था। अंजू बॉबी जॉर्ज (2003) के बाद वह ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे एथलीट बने। फाइनल में नीरज ने 88.13 मीटर दूर तक भाला फेंका था और रजत पदक अपने नाम किया था। उस मुकाबले के दौरान ही नीरज को ग्रोइन इंजरी हो गई थी। इसके बाद मेडिकल टीम ने नीरज चोपड़ा को चार-पांच हफ्ते के आराम की सलाह दी थी जिसके बाद उन्होंने बर्मिंघम में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 से हटने का फैसला किया था।

लुसाने डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा का प्रदर्शन

  • पहला प्रयास – 89.08 मीटर
  • दूसरा प्रयास – 85.18 मीटर
  • तीसरा प्रयास – नहीं किया
  • चौथा प्रयास – फाउल
  • पांचवां प्रयास – नहीं किया
  • छठा प्रयास – 80.04 मीटर

Back to top button