हेडलाइन

पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन, गोलीबारी में बीएसएफ के दो जवान घायल 

श्रीनगर18 अक्टूबर 2023। पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू-कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी की, जिसमें बीएसएफ के दो जवान घायल हो गए। इसकी जानकारी अधिकारियों ने दी। पाक रेंजर्स ने पाकिस्तान के इकबाल और खन्नोर पोस्ट के बीच सैनिकों पर गोलीबारी की।रात के समय फायरिंग

पाकिस्तान की ओर से मंगलवार को रात 10 बजकर 20 मिनट पर सीजफायर का उल्लंघन किया गया और भारतीय जवानों पर फायरिंग की गई। इस फायरिंग में बीएसएफ के दो जवान जख्मी हो गए जिसके बाद उन्हें जल्दी से अस्पताल भेजा गया। इस घटना के बाद भारतीय जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू की है। भारत के सैनिकों ने पाकिस्तानी पोस्ट इकबाल और खन्नोर की ओर गोलीबारी की है।

लाइट लगवा रहे थे जवान
सीजफायर के उल्लंघन की ये घटना इंटरनेशनल बॉर्डर के विक्रम BOP के करीब हुई है। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के दो जवान इलेक्ट्रिकल लाइट का काम करवा रहे थे। ये इलाका बॉर्डर से करीब 60 मीटर दूरी पर था और बॉर्डर आउटपोस्ट विक्रम से करीबन 1500 मीटर की दूरी पर। इसी दौरान पाकिस्तान की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई जिसमें जवान घायल हो गए। 

पाकिस्तान ने कब-कब किया युद्धविराम का उल्लंघन
भारत और पाकिस्तान ने शुरुआत में 2003 में युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन पाकिस्तान समझौते का उल्लंघन करता आया है। 2020 में 5,000 से ज्यादा बार गोलीबारी की घटना हुई जो एक साल में सबसे ज्यादा थी।

2021 में युद्धविराम की घोषणा से पहले, पाकिस्तान ने LOC और इंटरनेशनल बॉर्डर पर गोलाबारी की थी, जिससे भारत में बॉर्डर के पास के स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों और धार्मिक स्थानों को नुकसान पहुंचा था।

2018-2020 में पाकिस्तान ने 10,752 बार सीजफायर तोड़ा
फरवरी 2021 में लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि 2018, 2019 और 2020 में पाकिस्तान के साथ भारत की सीमा पर संघर्ष विराम उल्लंघन के कुल 10,752 मामले हुए थे। जिसमें 364 सुरक्षाकर्मी और 341 नागरिक घायल हुए।

भारत-पाकिस्तान के बीच 3,323 KM लंबी बॉर्डर
भारत-पाकिस्तान के बीच 3,323 किलोमीटर लंबी बॉर्डर है जिसमें से 221 किलोमीटर अंतरराष्ट्रीय सीमा और 740 किलोमीटर एलओसी जम्मू-कश्मीर में आती है।

Back to top button